8 सितंबर को गोलंबर हनुमान मंदिर प्रांगण में समेकित स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा. दोपहर 1 बजे से शुरू होने वाले इस शिविर में लोगों को कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी.
- बीपी-शुगर, टीबी और एनीमिया की होगी जांच, एचआईवी स्क्रीनिंग के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों से मिलेगा परामर्श
- 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों पर विशेष फोकस, दोपहर 1 बजे से शुरू होगा स्वास्थ्य शिविर
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य से जुड़ी बड़ी राहत की खबर है. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सदर प्रखंड, बक्सर की ओर से मंगलवार, 8 सितंबर को गोलंबर हनुमान मंदिर प्रांगण में समेकित स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा. दोपहर 1 बजे से शुरू होने वाले इस शिविर में लोगों को कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी.
बीपी-शुगर से लेकर टीबी तक की जांच
शिविर में उच्च जोखिम वाले समूहों की स्वास्थ्य जांच के साथ बीपी और शुगर की जांच, टीबी स्क्रीनिंग, एनीमिया की जांच तथा एचआईवी जांच की सुविधा रहेगी. खासकर 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की बीपी और शुगर जांच पर विशेष जोर दिया गया है. जांच के बाद जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जाएगा.
जांच के बाद मुफ्त दवा भी मिलेगी
स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों द्वारा लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर उचित परामर्श दिया जाएगा. जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क औषधि भी वितरित की जाएगी. आयोजकों ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और समय रहते अपनी स्वास्थ्य जांच कराएं.
हनुमान मंदिर सेवा समिति भी निभाएगी भागीदारी
हनुमान मंदिर सेवा समिति ने बताया कि धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में भी सरकार एवं निजी संस्थानों के सहयोग से गरीब, असहाय, वंचित और उपेक्षित वर्गों की सेवा के लिए समिति प्रतिबद्ध है. समिति की ओर से इसे ‘सेवा ही सच्ची भक्ति’ की भावना से जोड़ा गया है.
अगले मंगलवार आयुर्वेदिक शिविर की भी तैयारी
आयोजकों के अनुसार, संभावित रूप से अगले मंगलवार को बिहार सरकार की ओर से आयुर्वेदिक चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया जा सकता है. इसकी विस्तृत सूचना बाद में जारी की जाएगी. मंगलवार के शिविर के लिए लोगों से अपील की गई है कि वे स्वास्थ्य जांच को टालने के बजाय समय पर शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं.







.png)










0 Comments