प्रखंडों और अनुमंडलों से पहुंचे सैकड़ों पूर्व सैनिकों की मौजूदगी में संगठन की मजबूती, पूर्व सैनिकों के अधिकार, पेंशन संबंधी समस्याओं और कल्याणकारी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई.

- बक्सर में पूर्व सैनिक संघ की मासिक बैठक में नव-नियुक्त लेफ्टिनेंट विकास यादव और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट बलजीत यादव का भव्य सम्मान
- पेंशन विसंगतियों से लेकर CSD, ECHS और सैनिक कल्याण केंद्र तक हुई चर्चा, अध्यक्ष रामनाथ सिंह ने अधिकारों के लिए एकजुट रहने का दिया संदेश
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, जिला इकाई बक्सर की मासिक बैठक रविवार, 6 सितंबर को फोर सीजन मैरिज हॉल स्थित संघ कार्यालय में हुई. जिले के विभिन्न प्रखंडों और अनुमंडलों से पहुंचे सैकड़ों पूर्व सैनिकों की मौजूदगी में संगठन की मजबूती, पूर्व सैनिकों के अधिकार, पेंशन संबंधी समस्याओं और कल्याणकारी सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने की, जबकि मंच संचालन जिला महासचिव मिथिलेश कुमार यादव ने किया.
दो सैन्य अधिकारियों का हुआ जोरदार स्वागत
बैठक से पहले पूर्व सैनिक संघ की ओर से दो विशेष सम्मान समारोह आयोजित किए गए. सुबह 5:15 बजे श्रमजीवी एक्सप्रेस से डुमरांव पहुंचे सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट बलजीत यादव का डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष और उनकी टीम ने बुके एवं फूल-मालाओं से स्वागत किया.
वहीं दोपहर 12 बजे हिमगिरि एक्सप्रेस से पहुंचे भारतीय सेना के नव-नियुक्त अधिकारी लेफ्टिनेंट विकास कुमार यादव का सदर अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार मेजर जितेंद्र प्रसाद सिंह की टीम ने फूल-माला और अंगवस्त्र भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया. विकास कुमार यादव इटाढ़ी प्रखंड के बाकसरा गांव निवासी और सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर मंगल सिंह यादव के पुत्र हैं.
मान-सम्मान और अधिकार के लिए एकजुटता पर जोर
अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिकों के मान-सम्मान और उनके जायज अधिकारों की लड़ाई संगठन की एकजुटता से ही मजबूत होगी. उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन के प्रति निष्ठा बनाए रखने और नेतृत्व पर विश्वास के साथ काम करने की अपील की. उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों को इससे जोड़ने पर भी जोर दिया.
डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष सेना मेडल सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह ने अध्यक्ष रामनाथ सिंह के नेतृत्व में पूरा विश्वास जताते हुए कहा कि अनुमंडल के सभी पूर्व सैनिक संगठन के विस्तार में पूरी निष्ठा से सहयोग करेंगे.
CSD, ECHS और सैनिक कल्याण केंद्र को बताया बड़ी उपलब्धि
सदर अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार मेजर जितेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि जिला अध्यक्ष रामनाथ सिंह के कुशल नेतृत्व में बक्सर के पूर्व सैनिकों को कई ऐसी सुविधाएं मिल रही हैं, जिनसे दूसरे जिलों के पूर्व सैनिक अब भी वंचित हैं. उन्होंने जिले में CSD कैंटीन, ECHS पॉलीक्लिनिक और जिला सैनिक कल्याण केंद्र के सुचारू संचालन को संघ की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.
पेंशन की गड़बड़ियों पर मिला समाधान का भरोसा
संघ के पेंशन डायरेक्टर राजबली यादव ने पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को मिलने वाले विभिन्न लाभों की जानकारी दी. उन्होंने पेंशन में होने वाली तकनीकी विसंगतियों, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र और अन्य प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के व्यावहारिक उपाय बताए. उन्होंने कहा कि किसी भी पूर्व सैनिक या वीर नारी को पेंशन संबंधी परेशानी होने पर संघ उसके समाधान के लिए लगातार प्रयास करेगा.
छह पूर्व सैनिक बने संगठन के नए सदस्य
बैठक के दौरान छह पूर्व सैनिकों को संघ की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई. इनमें लेफ्टिनेंट रमाशंकर सिंह, लेफ्टिनेंट जनार्दन सिंह, सूबेदार महेंद्र सिंह, नायब सूबेदार कुलेश्वर यादव, सूबेदार लक्ष्मण यादव और हवलदार सूरज बली चौधरी शामिल हैं. वहीं नायब सूबेदार हरे कृष्ण पाल के घर नाती के जन्म पर संघ की ओर से उपहार और आशीर्वाद देकर नवजात के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई.
शहीदों को नमन, नारों से गूंजा सभागार
बैठक के दौरान देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई. इसके बाद राष्ट्रगान हुआ. भारत माता की जय और पूर्व सैनिक संघ जिंदाबाद के नारों से पूरा सभागार गूंज उठा. अंत में अध्यक्ष की ओर से सभी सदस्यों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई और बैठक के समापन की घोषणा हुई.
बैठक में इटाढ़ी प्रखंड अध्यक्ष कैप्टन संतोष सिंह, नवानगर प्रखंड अध्यक्ष सूबेदार मेजर जगदीश सिंह, ब्रह्मपुर प्रखंड अध्यक्ष सूबेदार अजय सिंह, उपाध्यक्ष सूबेदार ललन तिवारी, मोहन यादव, सुभाष मिश्रा, शिवजी ठाकुर, मोहन ठाकुर, जूनियर वारंट ऑफिसर जयप्रकाश प्रसाद, शेषनाथ कुंवर, कैप्टन राजीव रंजन तिवारी, चंद्र प्रकाश पाठक, मीडिया प्रभारी अवध यादव, मंजी सिंघानिया समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे.





.png)











0 Comments