वार्ड-16 के परिसीमन पर घमासान, गोला बाजार को हटाने के आरोप से भड़के लोग ..

गोला बाजार के लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र लंबे समय से वार्ड-16 का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है. इसे दूसरे वार्ड में शामिल किए जाने की किसी भी कोशिश से स्थानीय लोगों में असंतोष और व्यवसायियों में भय का माहौल है.






                             


  • पार्षद प्रतिनिधि ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की, बोले- जनभावनाओं की अनदेखी कर सीमा बदलने की कोशिश
  • कांग्रेस नेता दौलत चंद गुप्ता ने जताई आपत्ति, कहा- परिसीमन की जानकारी पार्षद को भी नहीं दी गई

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर परिषद के वार्ड संख्या-16 के परिसीमन को लेकर शुक्रवार को विवाद गहरा गया. वार्ड के महत्वपूर्ण हिस्से गोला बाजार को वार्ड-16 से हटाकर दूसरे वार्ड में शामिल किए जाने की कथित कोशिश के विरोध में स्थानीय मोहल्लेवासियों ने प्रदर्शन किया और बिहार राज्य निर्वाचन आयोग, नगर विकास एवं आवास विभाग तथा जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की.

वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विजय राजभर के नेतृत्व में लोगों ने आरोप लगाया कि परिसीमन की प्रक्रिया में जनता की सुविधा और क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को दरकिनार कर दबाव में सीमा परिवर्तन का प्रयास किया जा रहा है. गोला बाजार के लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र लंबे समय से वार्ड-16 का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है. इसे दूसरे वार्ड में शामिल किए जाने की किसी भी कोशिश से स्थानीय लोगों में असंतोष और व्यवसायियों में भय का माहौल है.

गोपनीय जानकारी पहले पहुंचने पर भी सवाल

प्रेस विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि परिसीमन से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक होने से पहले ही कुछ लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच गई. स्थानीय लोगों ने इसे प्रशासनिक प्रक्रिया की गोपनीयता को लेकर गंभीर सवाल बताया है और पूरे मामले की जांच की मांग की है.

पार्षद को जानकारी नहीं देने का आरोप

कांग्रेस जिला व्यवसायी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष दौलत चंद गुप्ता ने भी वार्ड परिसीमन को लेकर घोर आपत्ति जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक षड्यंत्र के तहत वार्डों के क्षेत्रफल और सीमाओं के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया जा रहा है.

दौलत चंद गुप्ता ने कहा कि वार्ड-16 के पार्षद प्रतिनिधि की बातों को उन्होंने सुना है. उनके अनुसार, परिसीमन से संबंधित किसी सूचना या बैठक की जानकारी पार्षद को नहीं दी गई. उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति वर्तमान में वार्ड का प्रतिनिधित्व कर रहा है तो उसके वार्ड से संबंधित किसी भी कार्यालयी कार्रवाई या आदेश की जानकारी उसे पहले दी जानी चाहिए.

गोला बाजार के व्यवसायियों में भी चिंता

कांग्रेस नेता ने कहा कि गोला बाजार के व्यवसायियों के बीच भी परिसीमन को लेकर भय और चिंता का माहौल है. उनका कहना है कि वार्ड की सीमा में अचानक बदलाव का असर स्थानीय लोगों और कारोबारियों पर पड़ सकता है.

जांच पूरी होने तक निर्णय रोकने की मांग

मोहल्लेवासियों ने मांग की है कि वार्ड-16 के परिसीमन की पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए. साथ ही गोला बाजार को वार्ड-16 में ही यथावत रखने और जनभावनाओं का सम्मान करने की मांग की गई है.

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि जांच पूरी होने तक परिसीमन से संबंधित किसी अंतिम निर्णय या अधिसूचना पर रोक लगाई जाए. इसके अलावा परिसीमन से जुड़े मूल दस्तावेज, नक्शे और प्रस्ताव सुरक्षित रखने की मांग की गई है, ताकि उनमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ की आशंका न रहे.

विजय राजभर ने कहा कि यह मामला केवल वार्ड की सीमा बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर परिषद की निष्पक्षता और लोगों के विश्वास से जुड़ा हुआ है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लोगों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मोहल्लेवासी आगे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.













Post a Comment

0 Comments