कहना है कि इसके बाद अहले सुबह पुलिस टीम पहुंची. टीम ने जब दोनों वाहनों से शराब बरामद होने की जानकारी दी तो रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारी भी हैरान रह गए. उनका कहना है कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि वाहनों में शराब लदी हुई है.
- मां शारदा रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने संचालक को साजिशन फंसाए जाने का लगाया आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
- बोले- एनएच किनारे रोज रुकते हैं दर्जनों वाहन, ग्राहकों के सामान की जांच करना हमारा काम नहीं
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : बड़का ढकाईच स्थित मां शारदा रेस्टोरेंट सह लाइन होटल परिसर में दो स्कॉर्पियो से 687.360 लीटर विदेशी शराब बरामदगी के मामले में शुक्रवार को रेस्टोरेंट कर्मियों ने अपना पक्ष सामने रखा. कर्मचारियों ने शराब से रेस्टोरेंट प्रबंधन का कोई संबंध होने से इनकार करते हुए संचालक को साजिशन फंसाए जाने का आरोप लगाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
बारिश का हवाला देकर रेस्टोरेंट के पास खड़ी की थीं गाड़ियां
रेस्टोरेंट कर्मी मिथिलेश कुमार और छोटू कुमार के अनुसार, एनएच किनारे स्थित होने के कारण मां शारदा रेस्टोरेंट में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन रुकते हैं. घटना वाली रात भी दो स्कॉर्पियो से कुछ लोग रेस्टोरेंट पहुंचे थे. उन्होंने भोजन किया और बारिश होने की बात कहते हुए रेस्टोरेंट के बगल में गाड़ियां खड़ी कर रात में वहीं सोने की बात कही.
कर्मियों का कहना है कि इसके बाद अहले सुबह पुलिस टीम पहुंची. टीम ने जब दोनों वाहनों से शराब बरामद होने की जानकारी दी तो रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारी भी हैरान रह गए. उनका कहना है कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि वाहनों में शराब लदी हुई है.
‘ग्राहक क्या लेकर आया, इसकी जांच करना हमारा काम नहीं’
कर्मचारियों ने कहा कि रेस्टोरेंट में आने वाले ग्राहकों से उनका संपर्क मुख्य रूप से भोजन और नाश्ते तक सीमित रहता है. कौन व्यक्ति अपने वाहन में क्या सामान लेकर आया है, इसकी जानकारी रखना या वाहनों की जांच करना कर्मचारियों के अधिकार क्षेत्र में नहीं है.
कर्मियों के मुताबिक रेस्टोरेंट संचालक स्वयं वहां नियमित रूप से नहीं आते हैं. रेस्टोरेंट लीज पर लेकर कर्मचारियों के माध्यम से संचालित कराया जा रहा है. यहां काम करने वाले अधिकांश कर्मचारी दरभंगा से आकर नौकरी करते हैं.
अधिवक्ता बोले- न्यायालय के सामने रखेंगे संचालक का पक्ष
उत्पाद थाना डुमरांव में दर्ज कांड संख्या 71/26 के मामले में सिविल कोर्ट के अधिवक्ता अमित कुमार ने कहा कि मामला उनके पास आया है. उनके अनुसार रेस्टोरेंट संचालक की ओर से साजिशन फंसाए जाने से संबंधित जो तथ्य और दलीलें बताई गई हैं, उन्हें न्यायालय के समक्ष रखा जाएगा.
अधिवक्ता का कहना है कि मामले में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी स्तर पर संचालक को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा.
दो स्कॉर्पियो से मिली थी 687 लीटर से अधिक शराब
गौरतलब है कि गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने पटना-बक्सर फोरलेन पर बड़का ढकाईच स्थित मां शारदा रेस्टोरेंट सह लाइन होटल परिसर में छापेमारी की थी. विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान दो स्कॉर्पियो से कुल 687.360 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. बरामद शराब की कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है.
कार्रवाई के दौरान एक चालक के फरार होने की बात सामने आई, जबकि दूसरे चालक को पीछा कर पकड़ा गया. विभाग के अनुसार गिरफ्तार चालक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
अब जांच से खुलेगा शराब और रेस्टोरेंट का कनेक्शन
रेस्टोरेंट कर्मियों और संचालक की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता का कहना है कि केवल किसी वाहन के रेस्टोरेंट परिसर में खड़े होने और उसमें शराब मिलने से संचालक या कर्मचारियों की संलिप्तता स्वतः साबित नहीं होती. उनका कहना है कि शराब वाहन में कौन लेकर आया, वाहन किसके थे और रेस्टोरेंट प्रबंधन की इसमें कोई भूमिका थी या नहीं, यह जांच का विषय है. उनका भरोसा है कि निष्पक्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया से पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी.






.png)










0 Comments