पत्ता गोभी के नीचे छिपाई थी 16 लाख की शराब, चेकिंग देख ट्रक छोड़ भागा चालक ..

उत्पाद विभाग ने शराब के साथ डीसीएम को जब्त कर लिया है. चालक के फरार होने के बाद अब टीम वाहन के मालिक और इस खेप से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है. 




                           


  • वीर कुंवर सिंह सेतु पर उत्पाद विभाग की कार्रवाई, डीसीएम से 150 पेटी विदेशी शराब बरामद
  • ऊपर गोभी, नीचे शराब का ‘खेल’ — चंडीगढ़ से बिहार पहुंची थी 1332 लीटर खेप, मालिक की तलाश

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मौसम बदलते ही शराब तस्करों ने तस्करी का तरीका भी बदल दिया. बुधवार तड़के वीर कुंवर सिंह सेतु पर वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने पत्ता गोभी से लदे एक डीसीएम ट्रक से 16 लाख रुपये कीमत की विदेशी शराब बरामद की. जांच टीम को देखते ही चालक ट्रक को चेकपोस्ट से करीब 50 मीटर पहले छोड़कर फरार हो गया. तलाशी के दौरान ऊपर से सामान्य दिख रहे ट्रक के अंदर गोभी के नीचे शराब की पेटियां देखकर टीम भी हैरान रह गई.

ऊपर सब्जी की परत, नीचे शराब का जखीरा

जानकारी के अनुसार, वीर कुंवर सिंह सेतु पर उत्पाद विभाग की टीम नियमित वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान टीम की नजर एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक पर पड़ी. जवानों ने चालक को वाहन रोकने का इशारा किया और उजाला पट्टी स्थित चेकपोस्ट से करीब 50 मीटर पहले ट्रक रोकने को कहा. टीम के पहुंचने से पहले ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.

इसके बाद उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने ट्रक की विधिवत तलाशी शुरू की. पहली नजर में ट्रक में पत्ता गोभी लदी थी. लेकिन जब गोभी की बोरियों और परतों को हटाया गया तो नीचे शराब की पेटियां करीने से छिपाकर रखी मिलीं. इसके बाद पूरे ट्रक को खंगाला गया तो शराब की बड़ी खेप सामने आ गई.

180 से 750 एमएल तक की बोतलें, कुल 1332 लीटर शराब

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल के अनुसार, डीसीएम से चंडीगढ़ निर्मित ओल्ड हैबिट व्हिस्की की कुल 150 पेटियां बरामद की गई हैं. इनमें 180 एमएल की 50 पेटी, 375 एमएल की 50 पेटी और 750 एमएल की 50 पेटी शामिल हैं. बरामद शराब की कुल मात्रा 1332 लीटर बताई गई है. इसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है.

ट्रक का निबंधन नंबर यूपी 3 सीटी/0456 बताया गया है. उत्पाद विभाग ने शराब के साथ डीसीएम को जब्त कर लिया है. चालक के फरार होने के बाद अब टीम वाहन के मालिक और इस खेप से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है. मामले में मद्यनिषेध अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पत्ता गोभी की आड़ में शराब की इतनी बड़ी खेप मिलने से साफ है कि तस्कर जांच टीमों को चकमा देने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं. हालांकि इस बार सब्जी की परत के नीचे छिपा शराब का ‘खेल’ उत्पाद विभाग की जांच में खुल गया.


















Post a Comment

0 Comments