राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली अनुष्का की नई उपलब्धि से बक्सर के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाना जिले के लिए गौरव की बात है.

- खांडवा में 37वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन, बिहार के नाम बढ़ाया गौरव
- दिल्ली में पढ़ाई के साथ खेल में भी लगातार चमक रही अनुष्का, पहले भी जीत चुकी हैं कई पदक
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मध्य प्रदेश के खांडवा में आयोजित 37वीं राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में बक्सर की बेटी अनुष्का पाण्डेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 46-49 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया है. 9 से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों के बीच अनुष्का ने अपनी प्रतिभा का दम दिखाया और बक्सर के साथ बिहार का नाम भी रोशन किया.
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया से सम्बद्ध विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अनुष्का ने अपने खेल कौशल से खास पहचान बनाई. बक्सर में जन्मी अनुष्का फिलहाल दिल्ली के चुन्नीलाल सरस्वती बाल मंदिर, हरिनगर में कक्षा 11 की छात्रा हैं. पढ़ाई के साथ ताइक्वांडो में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही अनुष्का की यह उपलब्धि उनके खेल सफर में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है.
राष्ट्रीय मंच पर लगातार पदकों की झड़ी
अनुष्का का यह पहला बड़ा पदक नहीं है. इससे पहले वह दिल्ली राज्य, दिल्ली क्षेत्रीय प्रतियोगिता सहित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम कर चुकी हैं. वर्ष 2025 में अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो फेडरेशन द्वारा आयोजित 40वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में रजत पदक हासिल किया था.
लगातार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली अनुष्का की नई उपलब्धि से बक्सर के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे शहर से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाना जिले के लिए गौरव की बात है.
दादा और पिता ने जताई खुशी
अनुष्का की इस सफलता पर प्रसिद्ध गीतकार एवं शिक्षाविद् भगवान पाण्डेय और उनके पिता इंजीनियर नीरज पाण्डेय सहित परिजनों में खुशी है. अनुष्का की उपलब्धि की खबर मिलते ही शुभकामनाओं का दौर शुरू हो गया. परिजनों और नगर के लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले दिनों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी.





.png)










0 Comments