नरबतपुर में सड़क की राह में 800 फीट सरकारी जमीन बनी रोड़ा, अब समाधान की पहल तेज ..

नगर पंचायत की ओर से सड़क निर्माण का प्रस्ताव लिया जा चुका है, लेकिन रास्ते में जल संसाधन विभाग की करीब 800 फीट जमीन पड़ने के कारण मामला एनओसी पर अटक गया है. अब विभागीय स्तर पर इसकी पहल शुरू होने से सड़क निर्माण का रास्ता साफ होने की उम्मीद बढ़ी है.






                           



  • जल संसाधन विभाग की टीम ने किया स्थल निरीक्षण, प्राथमिक विद्यालय के बच्चों और ग्रामीणों को जल्द मिल सकती है पक्की सड़क
  • एनओसी मिलते ही आगे बढ़ेगा नगर पंचायत का प्रस्ताव, दिशा की बैठक में उठाया गया था मामला

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नरबतपुर के ऐतिहासिक स्थल के पीछे रहने वाले ग्रामीणों और प्राथमिक विद्यालय के बच्चों की वर्षों पुरानी परेशानी अब दूर होने की उम्मीद जगी है. कच्चे और बारिश में कीचड़ से भर जाने वाले रास्ते की जगह पक्की सड़क बनाने की कवायद शुरू हो गई है. नगर पंचायत की ओर से सड़क निर्माण का प्रस्ताव लिया जा चुका है, लेकिन रास्ते में जल संसाधन विभाग की करीब 800 फीट जमीन पड़ने के कारण मामला एनओसी पर अटक गया है. अब विभागीय स्तर पर इसकी पहल शुरू होने से सड़क निर्माण का रास्ता साफ होने की उम्मीद बढ़ी है.

अभियंता प्रमुख निखिल कुमार के निर्देश पर जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार बुधवार को अभियंताओं की टीम के साथ नरबतपुर पहुंचे. टीम ने गंगा पंप नहर की वर्षों से खाली पड़ी जमीन का स्थल निरीक्षण किया. प्रस्तावित सड़क के रास्ते में आने वाली विभागीय जमीन की स्थिति देखी गई और सड़क निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली गई. निरीक्षण के बाद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.

बारिश में कीचड़ से बच्चों की बढ़ जाती है परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, ऐतिहासिक स्थल के पीछे बड़ी आबादी रहती है. इसी इलाके में प्राथमिक विद्यालय भी है. सड़क की सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है. बारिश के दिनों में कच्चा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है. ऐसे में बच्चों को स्कूल पहुंचने और वापस घर लौटने में काफी दिक्कत होती है.

दिशा की बैठक में उठा था मामला

सड़क निर्माण में जल संसाधन विभाग की जमीन बाधा बनने का मामला दिशा की बैठक में नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि सह पूर्व जिला परिषद सदस्य डॉ. मनोज कुमार यादव ने उठाया था. उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जमीन संबंधी बाधा दूर करने और सड़क निर्माण के लिए एनओसी की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की मांग की थी. इसके बाद अभियंता प्रमुख को पत्र भेजकर मामले से अवगत कराया गया. इसी के आलोक में बुधवार को अधीक्षण अभियंता की टीम ने स्थल निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान डॉ. मनोज कुमार यादव, गंगा व सोन कैनाल के कार्यपालक अभियंता वीरेंद्र कुमार, नगर कार्यपालक अभियंता राजन कुमार, कनीय अभियंता दीनबंधु कुमार और नगर कनीय अभियंता प्रतीकधर मौजूद रहे. अब विभागीय जमीन को लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने और एनओसी मिलने के बाद नगर पंचायत के सड़क निर्माण प्रस्ताव के आगे बढ़ने की उम्मीद है.
















Post a Comment

0 Comments