डुमरांव की बदहाल सड़क निर्माण के लिए गिट्टी लेकर जा रहे थे चार हाईवा, बक्सर में जब्त, 48 लाख का जुर्माना ..

राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, गयाजी के कार्यपालक अभियंता ने पत्र भेजकर इन वाहनों को मुक्त करने का अनुरोध किया है. विभाग का कहना है कि चारों हाईवा एनएच-120 के डुमरांव बाजार हिस्से में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए गिट्टी लेकर जा रहे थे.

डुमरांव स्टेशन रोड 

 





                             


ओवरलोड और बिना चालान के आरोप में खनन विभाग ने लगाया भारी जुर्माना

एनएच विभाग ने कहा- सड़क मरम्मत के लिए जा रही थी गिट्टी, वाहनों को मुक्त करने का किया अनुरोध

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : डुमरांव की बदहाल सड़क की मरम्मत के लिए गिट्टी लेकर जा रहे चार हाईवा को बक्सर में जांच के दौरान जब्त कर लिया गया. खनन विभाग ने जांच में वाहनों को ओवरलोडेड और बिना चालान का पाया, जिसके बाद चारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया गया. वहीं, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, गयाजी के कार्यपालक अभियंता ने पत्र भेजकर इन वाहनों को मुक्त करने का अनुरोध किया है. विभाग का कहना है कि चारों हाईवा एनएच-120 के डुमरांव बाजार हिस्से में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए गिट्टी लेकर जा रहे थे.

डीएम के निर्देश पर हुई कार्रवाई

अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि चारों वाहनों के खिलाफ कार्रवाई डीएम के निर्देश पर की गई थी. उन्होंने कहा कि मामले में जिला प्रशासन और खनन विभाग ही विस्तृत जानकारी दे सकता है.


ओवरलोड और बिना चालान मिले वाहन

जिला खनन पदाधिकारी मृत्युंजय कमार ने बताया कि जांच के दौरान चारों हाईवा ओवरलोडेड पाए गए थे. साथ ही वाहनों के पास आवश्यक चालान नहीं था. इसी आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन पर जुर्माना लगाया गया है. विभाग के अनुसार तीन वाहनों पर 12 लाख रुपये से अधिक का दण्ड लगाया गया है.

सड़क मरम्मत के लिए जा रही थी गिट्टी

राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने अनुमंडल पदाधिकारी को भेजे पत्र में बताया है कि एनएच-120 के डुमरांव बाजार हिस्से में बारिश के कारण सड़क पर गड्ढे हो गए हैं. इन गड्ढों की मरम्मत के लिए कृतपुरा स्थित प्लांट से गिट्टी लेकर चार हाईवा डुमरांव जा रहे थे.

पत्र में BR44GA 5553, BR44GA 4815, BR44GA 7806 और HP38J 1995 को वही वाहन बताया गया है, जिन्हें बक्सर में जब्त किया गया है. कार्यपालक अभियंता ने वाहनों को मुक्त करने का अनुरोध किया है, ताकि डुमरांव की बदहाल सड़क की मरम्मत का काम अविलंब कराया जा सके.

एक तरफ खनन विभाग ओवरलोडिंग और बिना चालान के आधार पर कार्रवाई को सही बता रहा है, तो दूसरी तरफ एनएच विभाग इन वाहनों को सड़क मरम्मत के लिए जरूरी बता रहा है. अब सवाल यह है कि जनता की भलाई के लिए सरकारी अधिकारी के आदेश पर ही ले जाए जा रहे इन वाहनों को जब्त करना कितना उचित है और अब इनकी मुक्ति तथा बदहाल सड़क को मरम्मत को लेकर जिला प्रशासन क्या कदम उठाएगा?













Post a Comment

0 Comments