अधिकतम 6 महीने के लिए खुलेगी इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग, रेलवे ने जारी किया स्वीकृति पत्र ..

आवश्यकता के अनुसार मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त और प्रधान मुख्य अभियंता की स्वीकृति ली जाएगी. साथ ही रेलवे के निर्धारित सुरक्षा प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक इंतजाम करने होंगे.






                             


  • आरओबी की मरम्मत तक मिलेगी आवागमन की सुविधा
  • रेलवे बोर्ड ने असाधारण मामले में दी मंजूरी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को दोबारा खोलने का रास्ता साफ हो गया है. रेलवे बोर्ड ने बक्सर स्टेशन यार्ड स्थित समपार फाटक संख्या 70 'विशेष' को अस्थायी रूप से खोलने की स्वीकृति दे दी है. यह अनुमति आरओबी की मरम्मत पूरी होने तक या अधिकतम छह महीने, जो भी पहले हो, के लिए दी गई है. इससे बक्सर-इटाढ़ी मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य अभियंता ने 30 अगस्त 2026 को क्रॉसिंग खोलने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा था. इसके दो दिन बाद 1 सितंबर 2026 को बोर्ड ने असाधारण परिस्थिति में इसे खोलने की मंजूरी दे दी. स्वीकृति पत्र के अनुसार यह समपार फाटक पटना-डीडीयू रेलखंड पर बक्सर स्टेशन यार्ड में किलोमीटर 660/23-25 पर स्थित है.

सुरक्षा प्रक्रिया पूरी करना जरूरी

रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि क्रॉसिंग खोलने से पहले सभी निर्धारित नियम और प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी. आवश्यकता के अनुसार मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त और प्रधान मुख्य अभियंता की स्वीकृति ली जाएगी. साथ ही रेलवे के निर्धारित सुरक्षा प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक इंतजाम करने होंगे. माना जा रहा है कि रविवार तक फाटक खुल जाएगा.

मरम्मत के बाद खत्म हो जाएगा समपार फाटक

बक्सर-इटाढ़ी मार्ग स्थित आरओबी की सड़क सतह की मरम्मत पूरी होने के बाद इस समपार फाटक को फिर बंद कर समाप्त कर दिया जाएगा. यानी रेलवे की यह मंजूरी स्थायी व्यवस्था के बजाय मरम्मत अवधि में लोगों को राहत देने के लिए है.

आरओबी की खराबी की होगी जांच

रेलवे बोर्ड ने आरओबी के समय से पहले खराब होने की जिम्मेदारी तय करने का भी निर्देश दिया है. रेलवे संबंधित राज्य सरकार की एजेंसी के साथ मिलकर मामले की जांच करेगा और की गई कार्रवाई की जानकारी बोर्ड को देगा.

यह स्वीकृति पत्र प्रत्युष सिन्हा, निदेशक, सिविल इंजीनियरिंग/बी एंड एस-द्वितीय के डिजिटल हस्ताक्षर से जारी हुआ है. पत्र 1 सितंबर 2026 की शाम को जारी किया गया है. अब सुरक्षा संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद क्रॉसिंग को आम लोगों के लिए खोला जाएगा.













Post a Comment

0 Comments