बक्सर स्टेशन पर ‘वसूली गैंग’ का खेल? वायरल VIDEO ने खोली पोल, RPF- GRP के सामने बड़े सवाल ..

बताया कि उन्हें इस तरह के मामले की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि चाय-पानी के लिए कुछ लोगों को बुलाया जाता है, लेकिन किसी तरह की वसूली की जानकारी उन्हें नहीं है.





                             


वेंडरों से पैसे मांगने का आरोप, सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल

यात्रियों की लूट-छिनतई के बीच अवैध वेंडरों की मौजूदगी ने बढ़ाई चिंता

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्थानीय रेलवे स्टेशन पर कथित अवैध वसूली को लेकर वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों ने रेलवे की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि स्टेशन परिसर में काम करने वाले कुछ वेंडरों से कथित तौर पर नियमित रूप से पैसे की मांग की जाती है. सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में हरे रंग की शर्ट पहने एक युवक नजर आ रहा है, जिसकी पहचान सादिक के रूप में हुई है. एक अन्य काले रंग के शर्ट पहने युवक की पहचान अजीत के रूप में बताई जा रही है, जबकि एक अन्य काले रंग के शर्ट पहले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है. हालांकि, वायरल वीडियो, तस्वीरों और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.

बताया जा रहा है कि स्टेशन पर कई ऐसे वेंडर भी सक्रिय हैं, जिनकी गतिविधियों को लेकर यात्रियों की ओर से पहले भी सवाल उठते रहे हैं. हाल के दिनों में यात्रियों के साथ लूट, छिनतई और मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं की शिकायतें भी सामने आई हैं. ऐसे में स्टेशन पर अवैध या अनधिकृत वेंडरों का आवागमन कई सवाल पैदा करता है. हालांकि, इन घटनाओं और कथित अवैध वेंडरों के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं हुई है.

वेंडरों से कथित वसूली का मामला सामने आने के बाद सवाल और गंभीर हो गया है कि आखिर स्टेशन परिसर में अनधिकृत गतिविधियों पर निगरानी किस स्तर पर हो रही है. यदि कोई व्यक्ति वेंडरों से जबरन पैसे मांग रहा है तो वह स्टेशन परिसर में सक्रिय कैसे है और उसकी गतिविधियों पर नजर कौन रख रहा है?

RPF- GRP परिसर में आवाजाही को लेकर भी सवाल

नाम नहीं छापने की शर्त पर कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि कथित वसूली करने वाले कुछ लोग RPF पोस्ट और GRP थाने के आसपास आते-जाते दिखाई देते हैं. हालांकि, इन दावों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. इसके बावजूद यह सवाल उठ रहा है कि स्टेशन परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही और उनकी गतिविधियों की निगरानी किस तरह की जा रही है.

यदि जांच में वेंडरों से जबरन या अवैध तरीके से पैसे वसूलने की बात सही साबित होती है तो यह केवल छोटे कारोबारियों के शोषण का मामला नहीं होगा, बल्कि रेलवे स्टेशन की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करेगा.

टिकट दलालों के बाद अब वसूली का आरोप

बक्सर रेलवे स्टेशन पर अनधिकृत गतिविधियों को लेकर पहले भी यात्रियों की शिकायतें सामने आती रही हैं. टिकट काउंटर के आसपास टिकट दिलाने के नाम पर कथित टिकट दलालों के सक्रिय रहने और जरूरतमंद यात्रियों से अतिरिक्त रकम मांगने के आरोप भी समय-समय पर सामने आते रहे हैं.

अब वेंडरों से कथित वसूली का वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद स्टेशन की निगरानी व्यवस्था फिर सवालों के घेरे में है. यात्रियों के साथ हाल के दिनों में सामने आई लूट, छिनतई और मोबाइल चोरी जैसी घटनाओं के बीच यह भी सवाल उठ रहा है कि स्टेशन परिसर में प्रवेश करने वाले लोगों और वहां कारोबार करने वाले वेंडरों की पहचान एवं वैधता की जांच कितनी प्रभावी तरीके से हो रही है. जबकि रेलवे स्टेशन को सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रखा गया है.

RPF और GRP ने क्या कहा?

इस संबंध में RPF प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से कार्रवाई की जाती है. यदि इस तरह की शिकायत सामने आती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

वहीं GRP थानाध्यक्ष मणि कांत पांडेय ने बताया कि उन्हें इस तरह के मामले की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि चाय-पानी के लिए कुछ लोगों को बुलाया जाता है, लेकिन किसी तरह की वसूली की जानकारी उन्हें नहीं है. हालांकि, शिकायत या आरोप सामने आने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी.













Post a Comment

0 Comments