वीडियो : सड़े-गले सेब के नीचे छिपी थी 64 लाख की विदेशी शराब, गंगापुल चेक पोस्ट पर खुला डीसीएम ट्रक का बड़ा राज ..

6 सितंबर की संध्या वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर नियमित वाहन जांच की जा रही थी. इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से बक्सर में प्रवेश कर रहे एक डीसीएम ट्रक को संदिग्ध स्थिति में रोककर जांच की गई.

 





                             


  • ऊपरी गंगापुल पर वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 597 कार्टन में मिली 5,301 लीटर विदेशी शराब
  • चंडीगढ़ से पूर्णिया पहुंचाई जा रही थी खेप, हिमाचल प्रदेश के दो तस्कर पकड़े गए

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : उत्तर प्रदेश से बक्सर में प्रवेश कर रहा एक डीसीएम ट्रक बाहर से देखने में सेब से लदा हुआ सामान्य मालवाहक वाहन प्रतीत हो रहा था, लेकिन उत्पाद विभाग की सघन जांच में उसके भीतर छिपा बड़ा राज सामने आ गया. सड़े-गले सेब के बोरों के नीचे भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी. वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट स्थित ऊपरी गंगापुल पर हुई कार्रवाई में उत्पाद विभाग ने कुल 597 कार्टन विदेशी शराब जब्त की है. इसकी कुल मात्रा 5,301 लीटर बताई जा रही है, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 64 लाख रुपये है. इस मामले में हिमाचल प्रदेश के दो तस्करों को पकड़ा गया है.

संदिग्ध ट्रक ने बढ़ाई जांच टीम की सतर्कता

उत्पाद विभाग के अनुसार, 6 सितंबर की संध्या वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर नियमित वाहन जांच की जा रही थी. इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से बक्सर में प्रवेश कर रहे एक डीसीएम ट्रक को संदिग्ध स्थिति में रोककर जांच की गई. ट्रक को पहली नजर में देखने पर उसमें सेब लदा हुआ दिखाई दे रहा था.

लेकिन जांच टीम को वाहन और उसमें लदे माल की स्थिति पर संदेह हुआ. इसके बाद जब ट्रक की गहन तलाशी ली गई तो सड़े-गले सेब के बोरों के नीचे छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई.

सेब के बोरों की आड़ में शराब तस्करी का खेल

तस्करों ने शराब की खेप को छिपाने के लिए ट्रक में सड़े-गले सेब के बोरे ऊपर रख दिए थे, ताकि जांच के दौरान वाहन सामान्य फल लदा ट्रक दिखाई दे. हालांकि, उत्पाद विभाग की सतर्कता के कारण यह चाल कामयाब नहीं हो सकी और जांच के दौरान शराब के कार्टन बरामद होते गए.

ट्रक से कुल 597 कार्टन विदेशी शराब जब्त की गई. इसकी कुल मात्रा 5,301 लीटर है, जबकि बाजार मूल्य लगभग 64 लाख रुपये आंका गया है.

हिमाचल प्रदेश के दो तस्कर पकड़े गए

उत्पाद विभाग की कार्रवाई में पकड़े गए दोनों तस्करों की पहचान हिमाचल प्रदेश के समरून थाना क्षेत्र निवासी 29 वर्षीय मोहन सिंह तथा राजगढ़ थाना क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय विनोद कुमार सिंह के रूप में हुई है.

दोनों से पूछताछ के दौरान शराब तस्करी से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं. पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि विदेशी शराब की खेप चंडीगढ़ से पूर्णिया पहुंचाई जा रही थी. उत्पाद विभाग के अनुसार, जब्त की गई सभी शराब चंडीगढ़ निर्मित है.

चेक पोस्ट प्रभारी के नेतृत्व में हुई बड़ी कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट के प्रभारी एवं निरीक्षक मध्य निषेध कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई. जांच अभियान के दौरान निरीक्षक मध्य निषेध संतोष कुमार पाठक तथा अवर निरीक्षक मध्य निषेध प्रिंस कुमार भी मौजूद थे.

दोनों पकड़े गए तस्करों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही शराब की इस बड़ी खेप से जुड़े अन्य लोगों और इसके पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है.

सड़े-गले सेब के बोरों के नीचे छिपाकर 64 लाख रुपये की शराब बिहार में पहुंचाने की यह कोशिश एक बार फिर तस्करों के नए हथकंडों को सामने लाती है. हालांकि, वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की सतर्कता ने तस्करों की पूरी योजना पर पानी फेर दिया.

वीडियो : 














Post a Comment

0 Comments