वीडियो : बाढ़ के बीच चार बोट एंबुलेंस बनीं सहारा, गांव-गांव पहुंच रहीं मेडिकल टीमें ..

जिन इलाकों में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है, वहां बोट एंबुलेंस को स्वास्थ्य सेवाओं की अहम कड़ी बनाया गया है. चार बोट एंबुलेंस के जरिए जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने की व्यवस्था की गई है. 





                             


  • डीएम साहिला ने कहा- हर प्रभावित गांव तक पहुंचाई जाएगी चिकित्सीय सहायता
  • जलस्तर घटने तक घाटों और गहरे पानी से दूर रहें लोग, मवेशियों को भी न नहलाएं

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपनी निगरानी तेज कर दी है. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों तक चिकित्सीय सुविधा पहुंचाने के लिए कुल चार बोट एंबुलेंस का संचालन किया जा रहा है. वहीं, प्रभावित गांवों में मेडिकल टीमों को भेजकर लोगों की स्वास्थ्य जांच और जरूरी उपचार की व्यवस्था की जा रही है.

गांव-गांव पहुंचेगी मेडिकल टीम

डीएम साहिला ने बताया कि रविवार को दो गांवों में मेडिकल टीमें भेजी गई हैं. प्रशासन की कोशिश है कि बाढ़ से प्रभावित किसी भी गांव में स्वास्थ्य सुविधा का अभाव न रहे. इसके लिए लगातार क्षेत्रों की स्थिति का अनुश्रवण किया जा रहा है और जरूरत के अनुसार मेडिकल टीमों को भेजा जा रहा है. इसका उद्देश्य बाढ़ के कारण उत्पन्न होने वाली बीमारियों पर समय रहते नियंत्रण करना और लोगों को तत्काल चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराना है.

चार बोट एंबुलेंस से राहत की रफ्तार

जिन इलाकों में सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है, वहां बोट एंबुलेंस को स्वास्थ्य सेवाओं की अहम कड़ी बनाया गया है. चार बोट एंबुलेंस के जरिए जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने की व्यवस्था की गई है. बाढ़ के पानी के बीच आवागमन में परेशानी झेल रहे लोगों के लिए यह व्यवस्था काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

तटबंधों पर प्रशासन की पैनी नजर

बाढ़ के दौरान तटबंधों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है. जलस्तर और तटबंधों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके. प्रशासन का जोर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर है.

ज्यादा पानी वाले इलाकों में होमगार्ड तैनात

जिन क्षेत्रों में बाढ़ का पानी अधिक जमा है, वहां लोगों की सुरक्षा के लिए होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है. इन जवानों के जरिए लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है.

घाटों से दूरी बनाए रखने की अपील

प्रशासन ने मीडिया के माध्यम से आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. बाढ़ का पानी पूरी तरह घटने और स्थिति सामान्य होने तक लोगों से पानी के पास जाने, तैरने और घाटों पर जाने से बचने को कहा गया है. साथ ही मवेशियों को भी बाढ़ के पानी में नहलाने से परहेज करने की अपील की गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि थोड़ी सी लापरवाही भी हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें.

वीडियो : 














Post a Comment

0 Comments