बारिश के बीच ढही मिट्टी की दीवार, मलबे में दबकर 80 साल के बुजुर्ग की मौत ..

दोपहर का भोजन करने के बाद गांव स्थित अपनी मिट्टी की झोपड़ी में आराम कर रहे थे. इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के कारण झोपड़ी की मिट्टी की दीवार कमजोर होकर अचानक ढह गई.





                             



  • खाना खाने के बाद झोपड़ी में आराम कर रहे थे हरेन्द्र सिंह, अचानक भरभराकर गिरी दीवार
  • ग्रामीणों ने मलबा हटाकर बाहर निकाला, पोस्टमार्टम कराने से परिजनों ने किया इनकार

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : कोरान सराय थाना क्षेत्र के मुंगाव गांव में सोमवार दोपहर तेज बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. मिट्टी की झोपड़ी की कमजोर दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबने से 80 वर्षीय हरेन्द्र सिंह की मौत हो गई. हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया.

जानकारी के अनुसार, मुंगाव निवासी हरेन्द्र सिंह, पिता स्व. हरिदयाल सिंह, सोमवार दोपहर का भोजन करने के बाद गांव स्थित अपनी मिट्टी की झोपड़ी में आराम कर रहे थे. इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश के कारण झोपड़ी की मिट्टी की दीवार कमजोर होकर अचानक ढह गई और हरेन्द्र सिंह मलबे में दब गए.

आवाज सुनकर दौड़े ग्रामीण

दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे. लोगों ने तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद हरेन्द्र सिंह को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

पोस्टमार्टम कराने से परिजनों का इनकार

घटना की सूचना मिलने पर कोरान सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने का प्रस्ताव दिया, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार कर दिया. मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि हरेन्द्र सिंह की उम्र करीब 80 वर्ष थी और उनकी मौत दुर्घटना में हुई है. परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे.

परिजनों से लिखित सहमति लेने के बाद पुलिस ने शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया.

बारिश में जर्जर मिट्टी के मकानों पर खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण गांव में पुरानी मिट्टी की दीवारें और मकान कमजोर हो गए हैं. ऐसे में जर्जर मकानों और मिट्टी की झोपड़ियों में रहने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है. ग्रामीणों ने लोगों से बारिश के दौरान ऐसे घरों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.













Post a Comment

0 Comments