प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है. ऐसे में निर्माण में मानकों की अनदेखी होने पर सड़क के जल्द खराब होने की आशंका है. लोगों ने निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने के साथ तकनीकी जांच की मांग की है.

- निर्माण की गुणवत्ता और सामग्री पर स्थानीय लोगों ने जताई आपत्ति, एसडीएम को सौंपा सैकड़ों हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन
- सूचना बोर्ड और एस्टीमेट सार्वजनिक करने की मांग, तकनीकी जांच के बाद कार्रवाई का मिला आश्वासन
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के डुमरांव शहर से शक्ति द्वार होते हुए जंगलीनाथ शिव मार्ग के रास्ते एनएच-922 को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण में कथित अनियमितता और गुणवत्ता में कमी के आरोप को लेकर शुक्रवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया. सामाजिक कार्यकर्ता अजय राय के नेतृत्व में युवाओं और स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की और अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार को सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन सौंपा.
लोगों का कहना है कि यह सड़क डुमरांव शहर को एनएच-922 से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है. इस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है. ऐसे में निर्माण में मानकों की अनदेखी होने पर सड़क के जल्द खराब होने की आशंका है. लोगों ने निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने के साथ तकनीकी जांच की मांग की है.
निर्माण स्थल पर बोर्ड नहीं, एस्टीमेट भी सार्वजनिक करने की मांग
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने निर्माण स्थल पर योजना से जुड़ा सूचना बोर्ड नहीं लगाए जाने पर भी सवाल उठाया. उनका कहना है कि बोर्ड पर सड़क की लंबाई-चौड़ाई, स्वीकृत राशि, निर्माण एजेंसी और कार्य पूरा करने की समय-सीमा जैसी जानकारी दर्ज होनी चाहिए, ताकि आम लोगों को निर्माण कार्य की पूरी जानकारी मिल सके.
अजय राय ने कहा कि विकास कार्य जनता के पैसे से होते हैं, इसलिए उनमें गुणवत्ता और पारदर्शिता जरूरी है. उन्होंने सड़क के स्वीकृत एस्टीमेट को सार्वजनिक करने तथा एस्टीमेट के अनुरूप निर्माण हो रहा है या नहीं, इसकी जांच कराने की मांग की.
एसडीएम से मिले युवा, जांच का निर्देश
अजय राय के नेतृत्व में युवाओं का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम राजीव कुमार से मिला और ज्ञापन सौंपा. इसमें सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री के नमूने लेकर गुणवत्ता जांच कराने, निर्माण प्रक्रिया की तकनीकी जांच करने तथा स्वीकृत एस्टीमेट के अनुसार कार्य की पड़ताल करने की मांग की गई.
एसडीएम राजीव कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए.
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उनका उद्देश्य विकास कार्य को रोकना नहीं, बल्कि सड़क का मजबूत और टिकाऊ निर्माण सुनिश्चित कराना है. इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत ठाकुर, लव कुमार, विकास सिंह, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.





.png)











0 Comments