वामन भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, सोन नहर कैनाल परियोजना का अवलोकन करेंगे, चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन में जीविका दीदियों और लाभुकों से संवाद करेंगे तथा अंत में अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे.
- हवाई अड्डे से चुरामनपुर और अहिरौली तक रहेगा कड़ा सुरक्षा घेरा, Z+ सुरक्षा के बीच प्रशासन अलर्ट
- वामन मंदिर में पूजा, सोन नहर परियोजना का अवलोकन और जीविका दीदियों से संवाद रहेगा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का बुधवार को बक्सर दौरा पूरी तरह धार्मिक, विकास और संगठनात्मक गतिविधियों पर केंद्रित रहेगा. लगभग 95 मिनट के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वामन भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, सोन नहर कैनाल परियोजना का अवलोकन करेंगे, चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन में जीविका दीदियों और लाभुकों से संवाद करेंगे तथा अंत में अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे. मुख्यमंत्री को प्राप्त Z+ सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस ने अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की है.
संयुक्त आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे पटना से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान करेंगे और 12:20 बजे बक्सर हवाई अड्डा हेलीपैड पर पहुंचेंगे. यहां से वे सीधे वामन भगवान मंदिर जाएंगे, जहां 12:30 बजे से 12:50 बजे तक पूजा-अर्चना का कार्यक्रम निर्धारित है. वामन महोत्सव के बीच मुख्यमंत्री की इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है.
मंदिर से निकलने के बाद मुख्यमंत्री चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन जाएंगे. रास्ते में वे सोन नहर कैनाल परियोजना का अवलोकन करेंगे. चुरामनपुर में जीविका भवन का निरीक्षण, स्थानीय लाभुकों से बातचीत, जीविका दीदियों के साथ संवाद तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करेंगे. साथ ही कैनाल परियोजना के 3D मॉडल और प्रस्तुतीकरण को भी देखेंगे.
इसके बाद मुख्यमंत्री अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और फिर सरस्वती विद्या मंदिर परिसर स्थित हेलिपैड से पटना लौट जाएंगे.
मुख्यमंत्री की यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है. प्रशासन ने राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पूर्व में हुई आतंकी घटनाओं तथा वर्तमान सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए त्रुटिहीन सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. बक्सर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां पूरे दिन तेज रहीं.






.png)










0 Comments