छात्राओं की सुरक्षा पर ABVP का आक्रोश, बक्सर में CM का पुतला दहन ..

मार्च के बाद कार्यकर्ताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया. कार्यकर्ताओं ने छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए दोषियों पर त्वरित कार्रवाई तथा सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की.






                           



  • जमुई-समस्तीपुर की घटनाओं के विरोध में सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
  • सार्वजनिक स्थानों पर छात्राओं की सुरक्षा मजबूत करने की उठी आवाज, बोले- भयमुक्त माहौल जरूरी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जमुई और समस्तीपुर में छात्राओं से जुड़ी कथित घटनाओं के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की बक्सर नगर इकाई ने शुक्रवार को आक्रोश मार्च निकाला. मार्च के बाद कार्यकर्ताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया. कार्यकर्ताओं ने छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए दोषियों पर त्वरित कार्रवाई तथा सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की.

कार्यक्रम की अध्यक्षता राहुल राज ने की, जबकि संचालन ऋषि नंदन दुबे ने किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्राओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर नारेबाजी करते हुए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की.

विभाग संयोजक अविनाश पाण्डेय ने कहा कि छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा समाज की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में होनी चाहिए. जमुई और समस्तीपुर में सामने आई घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाई है. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि छात्राएं बिना भय के पढ़ाई और अपने दैनिक कार्यों के लिए बाहर निकल सकें.

जिला संयोजक अभिनंदन मिश्रा ने कहा कि छात्राओं के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार स्वीकार्य नहीं है. सरकार और प्रशासन को घटना के बाद कार्रवाई करने के साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी प्रभावी व्यवस्था तैयार करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा के मुद्दे पर ABVP अपनी आवाज उठाती रहेगी.

नगर मंत्री विवेक पाण्डेय ने कहा कि बिहार में छात्राओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है. सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है.

कार्यक्रम के अंत में प्रियांशु शुभम ने धन्यवाद ज्ञापन किया. उन्होंने मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया.

इस दौरान खेलो भारत प्रांत सह संयोजक अनीश कुमार तिवारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विराज सिंह, हिमांशु कश्यप, संजीत यादव, दुर्गेश पांडेय, उज्जवल चौबे, शुभांकित पांडेय, विशाल सिंह कुशवाहा, आलोक मिश्रा, आनंद कुमार, अजीत कुमार, नीतीश कुमार, नंदन कुमार और सागर सोनी समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं व कार्यकर्ता मौजूद रहे.
















Post a Comment

0 Comments