बक्सर में अप्रेंटिशिप मेला कल, टाटा मोटर्स, एलएंडटी और हिंडाल्को समेत बड़ी कंपनियों में अवसर ..

सोमवार 14 सितम्बर को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिशिप मेला आयोजित किया जाएगा. इस मेले में टाटा मोटर्स, एलएंडटी, हिंडाल्को, आईटीसी, कोका-कोला और हैयर जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में अप्रेंटिशिप का अवसर मिलेगा.





                           



  • आईटीआई परिसर में सुबह 10:30 बजे तक पहुंचें अभ्यर्थी, शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ मिलेगा रोजगार का मौका
  • टाटा मोटर्स, कोका-कोला, हैयर, आईटीसी और अन्य कंपनियों के लिए होगा चयन, प्राचार्य ने युवाओं से की भाग लेने की अपील

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास की दिशा में बड़ा अवसर सामने आया है. बिहार सरकार के युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बक्सर के तत्वावधान में सोमवार 14 सितम्बर को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिशिप मेला आयोजित किया जाएगा. इस मेले में टाटा मोटर्स, एलएंडटी, हिंडाल्को, आईटीसी, कोका-कोला और हैयर जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में अप्रेंटिशिप का अवसर मिलेगा.

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बक्सर के परिसर में आयोजित होने वाले इस मेले में इच्छुक अभ्यर्थियों को सुबह 10:30 बजे तक पहुंचना होगा. अभ्यर्थियों को अपने मैट्रिक और आईटीआई के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आने की अपील की गई है.

टाटा मोटर्स और एलएंडटी समेत कई कंपनियां होंगी शामिल

मेले के लिए राइटब्रिज वर्कफोर्स सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से टाटा मोटर्स, अहमदाबाद और पुणे, आईटीसी प्राइवेट लिमिटेड क्वेस, हैदराबाद औद्योगिक क्षेत्र तथा लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड यानी एलएंडटी, दिल्ली क्षेत्र से जुड़े अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे.

वहीं विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, नोएडा के माध्यम से हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, रेनुकूट, सुब्रोस लिमिटेड, ग्रेटर नोएडा, एसएलएमजी बेवरेजेज यानी कोका-कोला, नावानगर बक्सर तथा हैयर अप्लायंसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, ग्रेटर नोएडा जैसी कंपनियों के लिए भी युवाओं को अवसर मिलेगा.

स्थानीय युवाओं के लिए खास मौका

अप्रेंटिशिप मेला खास तौर पर उन युवाओं के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिन्होंने मैट्रिक या आईटीआई की पढ़ाई पूरी कर ली है और औद्योगिक क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत करना चाहते हैं. एक ही परिसर में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों से जुड़ने का अवसर मिलने से युवाओं को कौशल विकास के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण का भी लाभ मिल सकता है.

प्राचार्य ने की समय पर पहुंचने की अपील

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बक्सर के प्राचार्य मो. मसूद रशीद ने जिले के इच्छुक अभ्यर्थियों से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिशिप मेला में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी 14 सितम्बर को सुबह 10:30 बजे तक सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आईटीआई परिसर पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं.

जिला जन संपर्क कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेंटिशिप मेला युवाओं को कौशल और रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है.
















Post a Comment

0 Comments