पंचायत से नगर निकाय तक जन सुराज का बड़ा प्लान, बक्सर में बनी चुनावी रणनीति ..

कहा कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर का मानना है कि बदलाव केवल सांसद और विधायक के चुनाव तक सीमित नहीं होना चाहिए. पंचायत से लेकर विधानसभा और संसद तक योग्य लोगों को नेतृत्व का अवसर मिलना चाहिए.




                           


  • किशोर कुमार मुन्ना बोले- योग्य और समर्पित लोगों को मिलेगा मौका, सभी सीटों पर उतरने की तैयारी
  • संगठन मजबूत करने से लेकर जनभागीदारी बढ़ाने तक पर मंथन, जिला कार्यालय में जुटे नेता और कार्यकर्ता

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : आगामी पंचायत, जिला परिषद और नगर निकाय चुनावों को लेकर जन सुराज ने बक्सर में चुनावी तैयारी तेज कर दी है. सोमवार को पार्टी कार्यालय में जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन को मजबूत करने, योग्य उम्मीदवारों की तलाश और सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति पर चर्चा की गई. बैठक का संचालन लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रभारी दिवाकर पाठक ने किया.

बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश चुनाव संयोजक किशोर कुमार मुन्ना, प्रदेश संगठन महासचिव सुभाष सिंह कुशवाहा, शाहाबाद परिक्षेत्र प्रभारी रविंद्र द्विवेदी, जे. एस. ओ. अध्यक्ष विनय कृष्ण मिश्रा सहित प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे.

ग्राम स्वराज से पंचायत चुनाव तक की बात

मीडिया से बातचीत में वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि महात्मा गांधी ने ग्राम स्वराज की कल्पना की थी, लेकिन उसकी मूल भावना आज भी पूरी तरह जमीन पर नहीं उतर सकी है. उन्होंने कहा कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर का मानना है कि बदलाव केवल सांसद और विधायक के चुनाव तक सीमित नहीं होना चाहिए. पंचायत से लेकर विधानसभा और संसद तक योग्य लोगों को नेतृत्व का अवसर मिलना चाहिए.

मुन्ना ने कहा कि पंचायत और नगर निकायों में शिक्षित, योग्य और समाज के प्रति समर्पित लोगों को आगे लाना पार्टी का उद्देश्य है. उनके मुताबिक स्थानीय स्तर पर सक्षम नेतृत्व से जनहित के कामों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है.

माफिया प्रभाव रोकने का भी दावा

किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि पंचायत और स्थानीय निकायों में शराब, भूमि और बालू माफिया के प्रभाव को रोकने के लिए जन सुराज लगातार काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि आने वाले परिसीमन के बाद बढ़ने वाली सीटों को भी ध्यान में रखते हुए पंचायत, जिला परिषद और नगर निकाय की सभी सीटों पर योग्य उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की तैयारी की जा रही है.

प्रदेश संगठन महासचिव सुभाष कुशवाहा ने कहा कि जन सुराज आने वाले शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनावों में भी अपने प्रत्याशियों के साथ मैदान में है. उन्होंने कहा कि पंचायत, जिला परिषद और नगर निकाय चुनाव में मजबूत संगठन और जनभागीदारी के साथ योग्य एवं समर्पित लोगों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी है.

बैठक में कनक लता सिंह, धर्मेंद्र पांडे, मोहम्मद फैयाज खान, धनजी पांडे, फाइटर सिंह, ललक राय, जयराम कुशवाहा, रघुवर सिंह, अजीत सम्राट, विजय पाठक, धनंजय पासवान, विष्णुदेव राय, प्रभु ओझा, श्रीमान राय, नीलू, शंभू प्रसाद यादव खरवार, जगदंबा, नजीर खान, विजय आनंद वर्मा, मनीष उपाध्याय, मनोज उपाध्याय, अरविंद गुप्ता, योगेंद्र यादव, रेनू प्रजापति, अभिषेक सिंह, बनारसी बिहार, शिवनंदन ठाकुर और विकास पाठक समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.


















Post a Comment

0 Comments