वीडियो : कूड़ा उठाने को लेकर पार्षद-अधिकारी भिड़े, दोनों ने दर्ज कराई प्राथमिकी ..

पार्षद का आरोप है कि अधिकारी ने कथित तौर पर उन्हें डपटते हुए कहा कि उनके वार्ड का कूड़ा नहीं उठेगा और ‘जो उखाड़ना है, उखाड़ लो’. इसके बाद वह करीब साढ़े पांच बजे नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और कूड़ा उठवाने का अनुरोध किया.






                             

  • पार्षद ने एससी/एसटी थाना में दी शिकायत, सफाई अधिकारी पर जातिसूचक शब्द और रंगदारी मांगने का लगाया आरोप
  • अधिकारी बोले- शराब के नशे में कार्यालय पहुंचे थे पार्षद, अभद्रता का लगाया आरोप; थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर परिषद के वार्ड संख्या 23 में कूड़ा उठाव को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है. वार्ड पार्षद गुड्डू कुमार ने सफाई स्वच्छता अधिकारी रवि कुमार सिंह समेत तीन लोगों पर जातिसूचक टिप्पणी, गाली-गलौज और कूड़ा उठाने के बदले कथित तौर पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए एससी/एसटी थाना में शिकायत दी है. वहीं, अधिकारी रवि कुमार सिंह ने पार्षद के आरोपों को निराधार बताते हुए उन पर शराब के नशे में कार्यालय पहुंचकर अभद्रता करने का आरोप लगाया है. दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत किए जाने के बाद मामला जांच के दायरे में आ गया है.

कूड़ा उठाने को लेकर फोन पर हुई कहासुनी

वार्ड पार्षद गुड्डू कुमार के अनुसार, वार्ड में कूड़े का डंप लगा हुआ था. इसे हटवाने के लिए उन्होंने 1 सितंबर की शाम करीब पांच बजे सफाई स्वच्छता अधिकारी रवि कुमार सिंह को फोन किया. पार्षद का आरोप है कि अधिकारी ने कथित तौर पर उन्हें डपटते हुए कहा कि उनके वार्ड का कूड़ा नहीं उठेगा और ‘जो उखाड़ना है, उखाड़ लो’. इसके बाद वह करीब साढ़े पांच बजे नगर परिषद कार्यालय पहुंचे और कूड़ा उठवाने का अनुरोध किया.

पार्षद ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि कार्यालय में अधिकारी ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और कथित तौर पर कहा कि जब तक रंगदारी नहीं दी जाएगी, उनके वार्ड का कूड़ा नहीं उठेगा. उन्होंने मौके पर मौजूद दो कर्मियों आशुतोष कुमार यादव और सन्नी सिंह पर भी कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है.

अधिकारी बोले- आरोपों में कोई बुनियाद नहीं

दूसरी ओर, स्वच्छ भारत मिशन के अधिकारी रवि कुमार सिंह ने पार्षद के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. उनका कहना है कि वार्ड पार्षद शराब के नशे में धुत होकर कार्यालय पहुंचे थे और उनके साथ अभद्रता करने लगे.

रवि कुमार सिंह ने यह स्वीकार किया कि वार्ड पार्षद लगातार फोन कर रहे थे और इस वजह से उन्होंने फोन पर उन्हें डपटते हुए फोन रखने की बात कही थी. हालांकि, उन्होंने जातिसूचक टिप्पणी करने और रंगदारी मांगने के आरोपों से इनकार किया है.

अधिकारी ने भी थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी

रवि कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने भी वार्ड पार्षद के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. इस तरह कूड़ा उठाव से शुरू हुआ विवाद अब दोनों पक्षों की शिकायत और आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है.

पार्षद ने जहां अपनी शिकायत में जातिसूचक टिप्पणी और रंगदारी मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं अधिकारी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए पार्षद पर नशे की हालत में कार्यालय पहुंचकर अभद्रता करने का आरोप लगाया है. अब पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

वीडियो : 














Post a Comment

0 Comments