डीएम आवास का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन अंबेडकर चौक के पास उन्हें रोक दिया गया. इसके बाद बच्चे वहीं मुख्य सड़क पर बैठ गए. कुछ देर में सड़क पर छात्रों के बैठने से आवागमन प्रभावित हुआ और मौके पर पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी.

- भोजन में कीड़े मिलने का आरोप, बिजली-पानी और ड्रेस की समस्या को लेकर सड़क पर बैठे विद्यार्थी
- राजू खरवार ने सरकार तक बात पहुंचाने का दिया भरोसा, एसडीएम के समझाने पर कलेक्ट्रेट पार्क पहुंचे छात्र
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : सड़क किनारे बैठे बच्चों की भीड़ में कई चेहरे ऐसे थे, जिन पर लंबी पैदल यात्रा की थकान साफ दिखाई दे रही थी. मैले-कुचैले कपड़े और कई बच्चों के पैरों में चप्पल तक नहीं थी. ये बच्चे किसी कार्यक्रम में शामिल होने नहीं, बल्कि अपनी समस्याएं सुनाने के लिए करीब 40 किलोमीटर पैदल चलकर बक्सर पहुंचे थे. रामपुर स्थित राजकीय कल्याण छात्रावास के तीसरी-चौथी कक्षा से लेकर दसवीं तक के विद्यार्थियों ने रविवार को जिला मुख्यालय में आंदोलन शुरू कर दिया.
विद्यार्थी डीएम आवास का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन अंबेडकर चौक के पास उन्हें रोक दिया गया. इसके बाद बच्चे वहीं मुख्य सड़क पर बैठ गए. कुछ देर में सड़क पर छात्रों के बैठने से आवागमन प्रभावित हुआ और मौके पर पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी.
थाली में कीड़े मिलने का आरोप, कई दिनों से बिजली भी नहीं
छात्र विशाल कुमार ने आरोप लगाया कि छात्रावास में बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता खराब है. कई बार भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई है. उन्होंने बताया कि पीने के पानी की भी समुचित व्यवस्था नहीं है और कई दिनों से बिजली की समस्या बनी हुई है. ड्रेस सहित अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर भी विद्यार्थी परेशान हैं.
विशाल कुमार के अनुसार, इन समस्याओं को लेकर शिक्षकों और जिला कल्याण पदाधिकारी से कई बार शिकायत की गई, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. इसी कारण विद्यार्थियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर अपनी बात रखने का फैसला किया.
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आजाद समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल प्रधान ने भी छात्रावास की व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बच्चों की समस्याओं को लेकर पहले भी शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं होने के कारण विद्यार्थी अब डीएम से मिलकर अपनी बात रखना चाहते हैं.
बच्चों के बीच पहुंचे राजू खरवार
आंदोलन की जानकारी मिलने के बाद आयोग बिहार के सदस्य राजू खरवार मौके पर पहुंचे. उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और अधिकारियों से भी मामले की जानकारी ली. उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाया कि उनकी बातें सुनी जाएंगी. राजू खरवार ने कहा कि वे विद्यार्थियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष भी रखेंगे और विद्यार्थियों के हित में उचित निर्णय की उम्मीद है.
इधर, दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के संयोजक सरोज राजभर और महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष कृष्णावती देवी भी बच्चों के समर्थन में पहुंचीं. काफी देर से भूखे बैठे विद्यार्थियों के लिए उन्होंने पानी और फल की व्यवस्था कराई.
एसडीएम के समझाने पर कलेक्ट्रेट पार्क पहुंचे
दोपहर से चल रहे आंदोलन के बीच एसडीएम लगातार छात्रों से बातचीत कर रहे थे. शाम करीब 5 बजे एसडीएम अविनाश कुमार ने पुनःविद्यार्थियों से बातचीत की. उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि उनकी बातों को गंभीरता से लिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि जैसे ही बच्चों के आंदोलन की जानकारी मिली डुमरांव एसडीएम ने भी बच्चों की काफी समझाने की कोशिश की लेकिन बच्चे नहीं माने. एसडीएम के समझाने पर विद्यार्थी अंबेडकर चौक से हटकर समाहरणालय परिसर स्थित पार्क में चले गए.
मौके पर एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत, आउटपोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा. विद्यार्थियों के आंदोलन के कारण रेलवे स्टेशन रोड पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा. अब छात्रों की लिखित शिकायत और उसके बाद प्रशासन की ओर से होने वाली कार्रवाई पर नजर है.





.png)












0 Comments