डुमरांव के लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव की नई किताब का शिक्षा मंत्री ने किया लोकार्पण ..

कहा कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करीब 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण कार्यों को एक जगह संकलित किया गया है. 





                           



  • ‘मोदी युग का भारत’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और योजनाओं का संकलन
  • प्रतियोगी छात्रों, शोधार्थियों और समकालीन भारत को समझने वालों के लिए उपयोगी बताई गई पुस्तक

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के डुमरांव के लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव की नई पुस्तक ‘मोदी युग का भारत’ का गुरुवार को पटना के विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में लोकार्पण किया गया. बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने पुस्तक का लोकार्पण करते हुए लेखक को बधाई दी. समारोह में शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक समेत शिक्षाविद् और गणमान्य लोग मौजूद रहे.

25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा को किताब में समेटने का दावा

शिक्षा मंत्री ने पुस्तक को महत्वपूर्ण कृति बताते हुए कहा कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करीब 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण कार्यों को एक जगह संकलित किया गया है. उनके अनुसार, पुस्तक देश की विकास यात्रा को समझने में पाठकों के लिए उपयोगी हो सकती है.

प्रतियोगी छात्रों और शोधार्थियों के लिए भी उपयोगी

लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने बताया कि पुस्तक में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन, विभिन्न निर्णयों और योजनाओं को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक विषयों में रुचि रखने वालों के अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए भी पुस्तक उपयोगी होगी. दिल्ली के पैनग्राम पब्लिशर्स से प्रकाशित यह पुस्तक समकालीन भारत से जुड़े विषयों को संदर्भ के तौर पर समझने में मदद करेगी.

मुरली मनोहर श्रीवास्तव इससे पहले भी अपनी लेखनी के जरिए पहचान बना चुके हैं. डुमरांव की माटी से जुड़े भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की जीवनी के अलावा ‘वीर कुंवर सिंह की प्रेमकथा’, ‘विकास पुरुष’ और ‘वंदेमातरम्’ जैसी उनकी कृतियां चर्चित रही हैं. नई पुस्तक के लोकार्पण की जानकारी सामने आने के बाद डुमरांव समेत जिले के साहित्यिक और बौद्धिक क्षेत्र में भी चर्चा शुरू हो गई है.
















Post a Comment

0 Comments