ठनका गिरते ही कई इलाकों में बिजली गुल, घंटों की मेहनत के बाद कर्मियों ने ढूंढा फॉल्ट ..

बारिश थमते ही बिजली कंपनी की टीमें फॉल्ट तलाशने में जुट गईं. अलग-अलग स्थानों पर 33 केवी लाइन की जांच की गई और खराब इंसुलेटर की पहचान कर मरम्मत का काम शुरु किया गया.





                           



  • पांडेय पट्टी, चरित्रवन, इटाढ़ी और इंडस्ट्रियल फीडर में 33 केवी लाइन के इंसुलेटर ब्रस्ट
  • बारिश थमते ही फॉल्ट खोजने में जुटे बिजली कर्मी, रात 9:25 बजे इंडस्ट्रियल फीडर भी हुआ चालू

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर जिले में बुधवार दोपहर अचानक तेज बारिश के साथ ठनका गिरने से बक्सर के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई. पांडेय पट्टी, चरित्रवन, इटाढ़ी और इंडस्ट्रियल फीडर में 33 केवी लाइन के इंसुलेटर ब्रस्ट होने से एक साथ विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई. अचानक बिजली चले जाने से इन फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा.

बारिश थमते ही बिजली कंपनी की टीमें फॉल्ट तलाशने में जुट गईं. अलग-अलग स्थानों पर 33 केवी लाइन की जांच की गई और खराब इंसुलेटर की पहचान कर मरम्मत का काम शुरू किया गया. बिजली कर्मियों ने एक-एक कर फीडरों में आए फॉल्ट को दुरुस्त किया. करीब तीन घंटे में अधिकांश इलाकों की बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई.

सबसे आखिर में इंडस्ट्रियल फीडर की आपूर्ति रात 9:25 बजे बहाल की गई. इसके साथ ही ठनका गिरने से बाधित सभी फीडरों की बिजली व्यवस्था सामान्य हो गई. लगातार कई घंटे तक चले मरम्मत कार्य के बाद उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली.

बिजली आपूर्ति बाधित रहने से घरों के अलावा दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के कामकाज पर भी असर पड़ा. अचानक बिजली गुल होने के कारण लोगों को इन्वर्टर समेत वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ा. वहीं, बिजली कंपनी के कर्मचारी बारिश के बीच पैदा हुई तकनीकी खराबी को दूर करने में लगातार जुटे रहे.

बिजली कंपनी के कनीय अभियंता अतुल यादव ने बताया कि ठनका गिरने की वजह से 33 केवी लाइन के इंसुलेटर ब्रस्ट होने की घटनाएं सामने आई थीं. इसके कारण अलग-अलग फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित हुई. बारिश रुकते ही बिजली कर्मियों ने फॉल्ट तलाशकर मरम्मत शुरू कर दी. उन्होंने बताया कि सभी प्रभावित फीडरों में फॉल्ट दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई.
















Post a Comment

0 Comments