तालाब किनारे फसल की रखवाली कर रहे किसान की गला रेतकर हत्या ..

गांव के बधार में तालाब के समीप रहकर अपने मवेशियों और धान की फसल की रखवाली करते थे. आशंका है कि इसी दौरान घात लगाए किसी अपराधी या अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया. 





                             


  • रात साढ़े नौ बजे बधार में मिला खून से लथपथ शव
  • शरीर पर कई जगह धारदार हथियार के निशान

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : औद्योगिक थाना क्षेत्र के जगदीशपुर पंचायत के भटवलिया गांव में गुरुवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे धान की फसल और मवेशियों की रखवाली कर रहे किसान हरिभजन सिंह कुशवाहा की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मृतक की पहचान जीउत सिंह कुशवाहा के पुत्र हरिभजन सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है. वारदात के बाद गांव में शोक के साथ दहशत का माहौल है.

बताया जाता है कि हरिभजन सिंह गांव के बधार में तालाब के समीप रहकर अपने मवेशियों और धान की फसल की रखवाली करते थे. आशंका है कि इसी दौरान घात लगाए किसी अपराधी या अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया. विरोध करने पर धारदार हथियार से गला रेत दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.

घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम, साक्ष्य जुटाने में लगी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद डायल-112 की टीम और फोरेंसिक जांच टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर वहां से संभावित साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की.

घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में मृतक के शरीर पर कई जगह चोट और धारदार हथियार के निशान दिखाई दे रहे हैं. हथेली और जांघ पर भी कट के निशान बताए जा रहे हैं, जबकि गले पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है.

बधार में हत्या से ग्रामीणों में दहशत

घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण बधार में जुट गए. देर रात तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लगी रही. ग्रामीणों के बीच हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस आसपास के इलाके में भी जानकारी जुटा रही है.













Post a Comment

0 Comments