हरियाली बढ़ेगी तो थमेगा जलवायु परिवर्तन का असर ..

कहा कि जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है. अनियमित बारिश, बाढ़, तूफान और अत्यधिक गर्मी जैसी घटनाएं पर्यावरण में हो रहे बदलाव की ओर संकेत कर रही हैं. 





                           



  • इजरी श्रीराम में 17 पौधे लगाए, 10 लाख पौधे लगाने की मुहिम जारी
  • डॉ. दिलशाद आलम बोले - पौधा लगाने के साथ पेड़ बनने तक संरक्षण भी जरूरी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जलवायु परिवर्तन के बढ़ते असर के बीच पर्यावरण संरक्षण को लेकर मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय तथा सावित खिदमत फाउंडेशन की ओर से चल रही 10 लाख पौधे लगाने की मुहिम जारी है. इसी कड़ी में इजरी श्रीराम में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान आम, महोगनी और अशोक समेत करीब 17 पौधे लगाए गए. कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया.

पौधारोपण कार्यक्रम में मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय के बिहार प्रदेश महासचिव डॉ. दिलशाद आलम के साथ प्रियेश कुमार यादव, राहुल कुमार, रवि कुमार, सोहन यादव, मृत्युंजय यादव और सुभाष मिश्रा समेत कई लोग शामिल हुए. लोगों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित अभियान बनाने की जरूरत है.

बदलते मौसम को लेकर जताई चिंता

डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती बन चुका है. अनियमित बारिश, बाढ़, तूफान और अत्यधिक गर्मी जैसी घटनाएं पर्यावरण में हो रहे बदलाव की ओर संकेत कर रही हैं. हिमालयी क्षेत्रों और नेपाल में आने वाली बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से भी सबक लेने की जरूरत है.

उन्होंने कहा कि पौधा लगाना अभियान की शुरुआत है, लेकिन उसे पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना असली जिम्मेदारी है. पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण को जन-आंदोलन का रूप देना होगा. आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण देने में अहम भूमिका निभाएंगे.

बक्सर से बिहार तक अभियान पहुंचाने की तैयारी

डॉ. आलम ने कहा कि 10 लाख पौधे लगाने की मुहिम आगे भी जारी रहेगी. बक्सर के अलग-अलग क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा. अभियान को बिहार के अन्य हिस्सों तक पहुंचाने का भी प्रयास होगा. उन्होंने युवाओं, विद्यालयों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील की.

कार्यक्रम के अंत में लोगों ने "पेड़ लगाएं - जीवन बचाएं, हरियाली बढ़ाएं - भविष्य बचाएं" के संदेश के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.
















Post a Comment

0 Comments