सबसे अहम सवाल यही है कि शव को पोस्टमार्टम हाउस के अंदर पहुंचाने की जिम्मेदारी किसकी थी और वहां शव उठाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं थी.

- शव घसीटने के मामले में अब जिम्मेदारी तय करने की कवायद
- जीआरपी थानाध्यक्ष बोले - शाम को शव को पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचवा दिया था, जल्द देंगे पत्र का जवाब
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : पोस्टमार्टम हाउस में कफन में लिपटे शव को घसीटकर अंदर ले जाने का वीडियो सामने आने के बाद अब मामले में जिम्मेदारी तय करने की कवायद शुरू हो गई है. मामले को लेकर सिविल सर्जन डॉ. शिव कुमार प्रसाद चक्रवर्ती ने जीआरपी को पत्र भेजकर पूछा है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार कौन है. वहीं, जीआरपी थाना अध्यक्ष मणि चन्द्र पांडेय का कहना है कि शाम को शव को पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचवा दिया गया था. उन्होंने पत्र मिलने के बाद जल्द ही उसका जवाब देने की बात कही है.
सिविल सर्जन ने जीआरपी से मांगा जवाब
वीडियो सामने आने के बाद सिविल सर्जन ने पूरे मामले को लेकर जीआरपी से जवाब मांगा है. पत्र के माध्यम से यह जानने का प्रयास किया गया है कि पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव को पोस्टमार्टम हाउस के अंदर इस तरह घसीटकर ले जाने की स्थिति कैसे बनी और इसके लिए जिम्मेदार कौन है. माना जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से पत्राचार के जरिए मामले की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है.
जीआरपी बोली - शव को पहुंचवा दिया था
जीआरपी थाना अध्यक्ष मणि चन्द्र पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचवा दिया गया था. उनके अनुसार, संभव है कि पोस्टमार्टम हाउस में शव उठाने के लिए संबंधित कर्मचारी मौजूद नहीं होने के कारण उसे घसीटकर अंदर ले जाना पड़ा हो. उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन की ओर से भेजे गए पत्र का जल्द जवाब दिया जाएगा.
अब सामने आएगा जिम्मेदार कौन
इस मामले में सबसे अहम सवाल यही है कि शव को पोस्टमार्टम हाउस के अंदर पहुंचाने की जिम्मेदारी किसकी थी और वहां शव उठाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं थी. एक ओर स्वास्थ्य विभाग जीआरपी से घटना की जिम्मेदारी पूछ रहा है, तो दूसरी ओर जीआरपी का कहना है कि उसने शव को पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंचवा दिया था. ऐसे में दोनों विभागों के जवाब के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कफन में लिपटे शव को घसीटकर अंदर ले जाने की नौबत आखिर क्यों आई और इसकी जवाबदेही किसकी बनती है.





.png)










0 Comments