पिता-पुत्र को पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर, इकलौते बेटे की मौत ..

उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है. घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया. सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी.
प्रतीकात्मक तस्वीर 





                           


  • दुकान बंद कर बाइक से गांव लौट रहे थे दोनों, हादसे में पिता गंभीर रूप से जख्मी
  • बेटे की सदर अस्पताल में मौत, पिता को वाराणसी किया गया रेफर; चालक वाहन लेकर फरार

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर लालगंज के समीप शनिवार शाम करीब सात बजे तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार कपड़ा व्यवसायी पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बहुआरा निवासी विकास मिश्रा की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पिता शिवजी मिश्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए. उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है. घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया. सूचना पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव निवासी शिवजी मिश्रा पीसी कॉलेज के समीप कपड़े की दुकान चलाते हैं. शनिवार शाम दुकान बंद करने के बाद वे अपने इकलौते बेटे विकास मिश्रा के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. लालगंज के समीप पहुंचते ही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. यहां इलाज के दौरान विकास मिश्रा की मौत हो गई. वहीं शिवजी मिश्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया.

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम

विकास की मौत की खबर मिलते ही बहुआरा गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि विकास अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. इधर, पुलिस फरार पिकअप चालक और वाहन की पहचान करने में जुटी है.

















Post a Comment

0 Comments