आधी रात पुलिस ने घेरा घर, हथियारबंद वांटेड दबोचा!

एसपी के निर्देश पर डुमरांव एसडीपीओ समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने सूचना का सत्यापन किया और इसके बाद नियाजीपुर स्थित उसके घर को चारों तरफ से घेरकर छापेमारी की. 






                           



  • लूट समेत 9 मामलों में वांछित कप्तान यादव के ठिकाने पर पुलिस की सटीक दबिश, कट्टा-कारतूस के साथ गिरफ्तारी
  • गिरफ्तारी से बचने को बदल रहा था ठिकाना, घर से देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और खोखा बरामद

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : रात के अंधेरे में पुलिस ने ठिकाना घेरकर लूट, चोरी, शराब और हथियार से जुड़े 9 आपराधिक मामलों में वांछित आरोपी कप्तान यादव उर्फ विक्रमा यादव को गिरफ्तार कर लिया. 11 सितंबर की रात गुप्त सूचना पर तिलक राय के हाता थाना क्षेत्र के नियाजीपुर में पुलिस ने उसके घर की घेराबंदी की और दबिश देकर उसे दबोच लिया. तलाशी के दौरान घर से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद होने के बाद पुलिस ने हथियार बरामदगी के मामले में भी कार्रवाई शुरू कर दी.

पुलिस के अनुसार कप्तान यादव गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था. उसकी गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद एसपी के निर्देश पर डुमरांव एसडीपीओ समीर कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने सूचना का सत्यापन किया और इसके बाद नियाजीपुर स्थित उसके घर को चारों तरफ से घेरकर छापेमारी की. पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई में आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला.

हथियार के साथ पकड़ा गया, नया केस दर्ज

पुलिस के मुताबिक घर की तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस मिलने के बाद आरोपी से इनके संबंध में पूछताछ की गई. पुलिस का कहना है कि वह हथियार रखने को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही कोई वैध कागजात प्रस्तुत किया. इसके बाद देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और खोखा जब्त कर लिया गया.

हथियार बरामदगी को लेकर तिलक राय के हाता थाना में कांड संख्या 75/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

25 साल से दर्ज होते रहे आपराधिक मामले

पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार कप्तान यादव उर्फ विक्रमा यादव के खिलाफ सिमरी थाना में वर्ष 1997 से लेकर 2022 तक कई मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ लूट, चोरी, चोरी के सामान की बरामदगी, अवैध शराब और हथियार से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं.

वर्ष 1999 के सिमरी थाना कांड संख्या 96/99 में लूट और गंभीर अपराध से संबंधित धाराएं लगाई गई थीं, जबकि कांड संख्या 156/99 में भी लूट का मामला दर्ज है. इसके अलावा वर्ष 2022 के एक मामले में उत्पाद अधिनियम के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी लगाई गई थीं.

कई थानों की पुलिस ने मिलकर दिया ऑपरेशन को अंजाम

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए की गई कार्रवाई में डुमराँव एसडीपीओ समीर कुमार सिंह, तिलक राय के हाता थानाध्यक्ष पूजा कुमारी, रामदास राय के डेरा थानाध्यक्ष अभिषेक पांडेय, पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र कुमार यादव, पीटीसी अभिषेक कुमार, डीआईयू टीम डुमराँव-बक्सर तथा दोनों थानों के सशस्त्र बल शामिल रहे. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में उसकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है.
















Post a Comment

0 Comments