बारिश ने रोक दिया अखाड़े का मुकाबला, कोपवा का विराट दंगल टला ..

बताया कि बारिश के कारण अखाड़े की स्थिति दंगल के लिए अनुकूल नहीं है. ऐसे मौसम में महिला और पुरुष पहलवानों के मुकाबले कराना सुरक्षित नहीं होगा. इसी वजह से शुक्रवार को प्रस्तावित दंगल को स्थगित किया गया है.





                           



  • खराब मौसम के कारण आयोजन समिति ने लिया फैसला, नई तारीख का इंतजार करेंगे दंगल प्रेमी
  • महिला-पुरुष पहलवानों को दिखाना था दमखम, शुक्रवार को दंगल स्थल नहीं पहुंचने की अपील

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार को डुमरांव प्रखंड के कोपवा गांव में लगने वाला विराट दंगल इस बार मौसम की मार की वजह से अखाड़े में नहीं उतर सका. लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम ने पहलवानों की कुश्ती पर पानी फेर दिया. दर्शकों और दंगल प्रेमियों की सुरक्षा को देखते हुए आयोजन समिति ने कार्यक्रम को स्थगित करने का फैसला लिया है.

आयोजन समिति के सचिव अरुण सिंह पहलवान और संचालक प्रिन्स सिंह ने बताया कि बारिश के कारण अखाड़े की स्थिति दंगल के लिए अनुकूल नहीं है. ऐसे मौसम में महिला और पुरुष पहलवानों के मुकाबले कराना सुरक्षित नहीं होगा. इसी वजह से शुक्रवार को प्रस्तावित दंगल को स्थगित किया गया है.

समिति ने क्षेत्र के लोगों और दंगल प्रेमियों से अपील की है कि वे शुक्रवार को दंगल स्थल पर नहीं पहुंचें. साथ ही आयोजन की नई तारीख की घोषणा होने तक समिति की सूचना का इंतजार करें.

हर साल जुटते हैं देशभर के पहलवान

कोपवा का यह विराट दंगल इलाके में खास पहचान रखता है. मां काली कोपवा वाली की कृपा एवं प्रसिद्ध समाजसेवी स्व. शिवकुमार सिंह, सुप्रसिद्ध पहलवान स्व. रामदरश सिंह और स्व. सच्चिदानंद सिंह पहलवान की पुण्य स्मृति में रामदरश सिंह पहलवान व्यायामशाला, कोपवा में हर साल इसका आयोजन किया जाता है.

इस बार भी दंगल में देशभर से महिला और पुरुष पहलवानों के पहुंचने की तैयारी थी. अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेंच और दमखम देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के जुटने की उम्मीद थी. लेकिन शुक्रवार की बारिश ने पूरे आयोजन का रंग फीका कर दिया.

मौसम साफ हुआ तो फिर गूंजेगा अखाड़ा

आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि दंगल को रद्द नहीं किया गया है, बल्कि खराब मौसम के कारण स्थगित किया गया है. मौसम अनुकूल होने के बाद नई तारीख तय की जाएगी. समिति की ओर से नई तिथि की सूचना क्षेत्रवासियों और दंगल प्रेमियों को दी जाएगी. फिलहाल शुक्रवार को अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेंच के बजाय बारिश की बूंदों की आवाज ही सुनाई देगी.
















Post a Comment

0 Comments