गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एसडीएम अविनाश कुमार सख्त, बक्सर में बाढ़ से निपटने को प्रशासन अलर्ट ..

सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है. साथ ही संवेदनशील और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां राहत एवं बचाव की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है.





                             


  • खतरे के निशान के करीब पहुंचा गंगा का जलस्तर, अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी के निर्देश
  • नाव परिचालन पर रोक रहेगी जारी, तटबंध से लेकर संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों तक बढ़ाई गई चौकसी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बक्सर सदर के अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बाढ़ की संभावित स्थिति को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज करने का आदेश जारी किया है. गंगा का जलस्तर लगातार खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है, जिसे देखते हुए एसडीएम अविनाश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखने का निर्देश दिया है.

जलस्तर बढ़ा तो बढ़ेगी मुश्किल, प्रशासन ने संभाला मोर्चा

एसडीएम अविनाश कुमार ने सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है. साथ ही संवेदनशील और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां राहत एवं बचाव की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है.

गंगा में नाव चली तो होगी कार्रवाई

गंगा नदी में अनाधिकृत नाव परिचालन पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया गया है. सभी थानाध्यक्षों को गंगा और उसके आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है. संभावित अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने का निर्देश भी दिया गया है.

तटबंधों की निगरानी में जुटेंगे चौकीदार

एसडीएम ने तटबंधों की स्थिति पर भी लगातार नजर रखने का निर्देश दिया है. संबंधित थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र के चौकीदारों को तटबंधों की निगरानी के लिए सक्रिय रखने को कहा गया है. वहीं बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को गंगा के जलस्तर, तटबंध और कटाव की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक निरोधात्मक एवं सुरक्षात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.

बक्सर नगर में जलजमाव को लेकर भी तैयारी

संभावित बाढ़ के साथ बक्सर नगर क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति को देखते हुए नगर परिषद को भी आवश्यक संसाधन और कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है. प्रभावित इलाकों में तत्काल कार्रवाई के लिए पहले से तैयारी रखने का निर्देश दिया गया है.

श्रावणी मेले में पहले ही लगा दी गई थी नावों पर रोक

श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पहले ही नाव परिचालन पर रोक लगाई गई थी. अब गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए एसडीएम अविनाश कुमार ने संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासनिक मशीनरी को और अधिक सक्रिय कर दिया है.

पुलिस बल से लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था तक अलर्ट

एसडीएम के आदेश की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, जिला पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी थानाध्यक्षों और अंचल अधिकारियों के साथ नगर परिषद एवं बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को भेजी गई है. पुलिस लाइन से आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का भी अनुरोध किया गया है. वहीं स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है.

एसडीएम अविनाश कुमार ने आदेश में स्पष्ट किया है कि गंगा के जलस्तर में वृद्धि की स्थिति में आम लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां और सुरक्षात्मक उपाय समय रहते किए जाएं तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.














Post a Comment

0 Comments