उन्होंने राजू खरवार की जाति को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को भ्रामक और निराधार बताया. अश्विनी वर्मा ने कहा कि खरवार मुख्य जाति है, जबकि कमकर और कहार को इसकी उपजातियों के रूप में देखा जाता है.
- खरवार समाज को संगठित करने से लेकर आयोग तक पहुंचने का बताया सफर, विरोधियों से कहा- झूठे आरोप लगाना बंद करें
- ‘खरवार मुख्य जाति, कमकर और कहार उपजातियां’—अश्विनी वर्मा ने दावे के साथ रखा अपना पक्ष
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : राज्य अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार की जाति को लेकर चल रहे विवाद के बीच भाजपा नेता अश्विनी वर्मा उनके समर्थन में सामने आए हैं. उन्होंने राजू खरवार की जाति को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को भ्रामक और निराधार बताया. अश्विनी वर्मा ने कहा कि खरवार मुख्य जाति है, जबकि कमकर और कहार को इसकी उपजातियों के रूप में देखा जाता है.
अश्विनी वर्मा ने कहा कि राजू खरवार कोई अचानक सामने आया चेहरा नहीं हैं, बल्कि लंबे समय से समाज के बीच काम करते रहे हैं. उनके अनुसार राजू खरवार ने युवा खरवार महासभा का गठन कर बिहार के विभिन्न हिस्सों में जाकर समाज को जागरूक और संगठित करने का काम किया है.
‘जमीन से जुड़े संघर्षशील नेता हैं राजू खरवार’
भाजपा नेता ने राजू खरवार की राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने समाज के बीच रहकर काम किया है. वर्मा के मुताबिक, इसी संघर्ष और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए सरकार ने उन्हें राज्य अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग का सदस्य बनाया है.
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की सामाजिक पहचान को लेकर विवाद खड़ा करने के बजाय उसके काम और योगदान को देखा जाना चाहिए. अश्विनी वर्मा ने राजू खरवार के समर्थन में कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों में तथ्य नहीं हैं.
विरोधियों को नसीहत- ‘झूठे आरोप और लांछन लगाना बंद करें’
अश्विनी वर्मा ने विवाद को लेकर विरोधियों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति पर बिना ठोस आधार के आरोप लगाना उचित नहीं है. उन्होंने विरोध करने वालों से झूठे आरोप और लांछन लगाने से बचने की अपील की.
वीडियो में अश्विनी वर्मा ने राजू खरवार की जाति, उनके सामाजिक संघर्ष और आयोग में नियुक्ति को लेकर अपना पक्ष विस्तार से रखा. हालांकि, जाति से जुड़े दावों और उपजातियों के वर्गीकरण को लेकर अंतिम स्थिति संबंधित आधिकारिक रिकॉर्ड और सक्षम प्राधिकारी के दस्तावेजों से ही तय होगी.






.png)










0 Comments