उन्होंने रामगढ़ और तरारी उपचुनाव का हवाला देते हुए कहा कि उस समय उम्मीदवार वापस लेने का अनुरोध किया गया था और आगे चुनावी भागीदारी का आश्वासन मिला था, लेकिन वह पूरा नहीं हुआ.
- रामगढ़-तरारी उपचुनाव का जिक्र कर राष्ट्रीय महासचिव शशिभूषण प्रसाद सिन्हा बोले - उम्मीदवार हटवाया, आगे हिस्सेदारी का आश्वासन भी नहीं हुआ पूरा
- यूपी में एनडीए के साथ गठबंधन, बिहार में अपने दम पर संगठन मजबूत करने की तैयारी; कार्यकर्ता सम्मान समारोह में नेताओं ने भरी हुंकार
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : गठबंधन में वादे पूरे नहीं होने की टीस अब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के बिहार संगठन के तेवर में दिखाई देने लगी है. बक्सर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह बिहार संगठन प्रभारी शशिभूषण प्रसाद सिन्हा ने कहा कि अब सुभासपा बिहार में पंचायत से लेकर नगर निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनाव तक अपने संगठन और कार्यकर्ताओं के दम पर उतरने की तैयारी करेगी. उन्होंने रामगढ़ और तरारी उपचुनाव का हवाला देते हुए कहा कि उस समय उम्मीदवार वापस लेने का अनुरोध किया गया था और आगे चुनावी भागीदारी का आश्वासन मिला था, लेकिन वह पूरा नहीं हुआ.
कार्यक्रम में शशिभूषण प्रसाद सिन्हा ने कहा कि पिछले 23-24 वर्षों से संगठन को मजबूत करने वाले कार्यकर्ता पार्टी की असली ताकत हैं. इसी ताकत के बूते बिहार में संगठन को गांव और बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा. उन्होंने पूर्व के चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि सुभासपा ने 32 प्रत्याशियों को मैदान में उतारा था और 2.54 लाख से अधिक मत हासिल किए थे.
नेताओं ने कहा - कार्यकर्ताओं की ताकत से बढ़ेगा संगठन
राजपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हरेंद्र राजभर ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और गांव-गांव पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान किया. डुमरांव विधानसभा प्रत्याशी शिव कुमार राम ने कहा कि सुभासपा अब केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाली पार्टी नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच रहने वाला संगठन बनेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं को पंचायत और बूथ स्तर पर सक्रिय होकर संगठन विस्तार में जुटने की बात कही.
वहीं डुमरांव विधानसभा प्रभारी प्रदीप कुमार शरण ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही पार्टी की राजनीतिक जमीन मजबूत होगी. उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह कार्यकर्ताओं के उत्साह को बढ़ाने के साथ संगठन को नई दिशा देने का भी अवसर है.
यूपी में एनडीए, बिहार में अपने दम पर विस्तार की तैयारी
सुभासपा के इस बयान का राजनीतिक संदर्भ इसलिए भी अहम है क्योंकि उत्तर प्रदेश में पार्टी एनडीए के साथ गठबंधन में है और वहां 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं. ऐसे समय बक्सर से बिहार में अपने संगठन के दम पर पंचायत से लोकसभा तक चुनाव लड़ने की तैयारी का ऐलान पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा बढ़ाता है. हालांकि भविष्य में बिहार में गठबंधन रहेगा या पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी, इस पर अंतिम फैसला समय और परिस्थितियों के अनुसार लेने की बात कही गई.
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुभासपा जिलाध्यक्ष अजय राजभर ने की, जबकि संचालन शशिकांत राजभर ने किया. महिला प्रकोष्ठ की विमला राजभर, डुमरांव विधानसभा प्रभारी सत्यदेव राजभर, बुद्धि राम राजभर, अर्जुन राजभर, बबन राजभर, संतोष चौबे, बिनोद राजभर, सत्यनारायण राजभर समेत अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.
वीडियो :






.png)










0 Comments