सरकारी गाड़ी सड़क किनारे खड़े पानी लदे मालवाहक वाहन से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि साइकिल सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए.
- धरहरा फोरलेन पर अचानक साइकिल लेकर सामने आए वृद्ध को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा
- सरकारी गाड़ी और पानी लदा मालवाहक वाहन क्षतिग्रस्त, घायल वृद्ध अस्पताल में भर्ती
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : धरहरा के पास फोरलेन पर सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक हादसे ने कुछ देर के लिए अफरातफरी मचा दी. सड़क पार कर रहे एक वृद्ध साइकिल सवार को बचाने की कोशिश में डुमरांव के प्रभारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सह बक्सर साइबर पुलिस उपाधीक्षक समीर कुमार सिंह की सरकारी गाड़ी सड़क किनारे खड़े पानी लदे मालवाहक वाहन से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि साइकिल सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए.
अचानक सामने आया वृद्ध, बचाने के चक्कर में हुआ जोरदार टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार सुबह एक वृद्ध साइकिल से फोरलेन पार कर रहे थे. इसी दौरान सामने से साइबर पुलिस उपाधीक्षक की सरकारी गाड़ी आ रही थी. वृद्ध को अचानक सड़क पर आता देख चालक ने उन्हें बचाने के लिए गाड़ी को दूसरी दिशा में मोड़ दिया.
इसी दौरान गाड़ी सड़क किनारे खड़े पानी लदे मालवाहक वाहन से जा भिड़ी. टक्कर के बाद दोनों वाहनों के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा. हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए.
दूध लेने गया था चालक, लौटकर देखा तो बिखरी थीं पानी की बोतलें
जानकारी के अनुसार पानी लदा मालवाहक वाहन सड़क किनारे खड़ा था. उसका चालक पप्पू पानी वाला पास की दुकान से दूध लेने गया था. इसी दौरान डीएसपी की सरकारी गाड़ी उससे टकरा गई.
हादसे के बाद वाहन में रखी पानी की बोतलें सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गईं. वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. कुछ ही देर में मौके पर पानी की बोतलों के साथ लोगों की भीड़ भी जमा हो गई.
सिर और हाथ में गंभीर चोट, अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में साइकिल सवार वृद्ध के सिर और एक हाथ में गंभीर चोट आई है. स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
वहीं साइबर पुलिस उपाधीक्षक, उनके वाहन में सवार पुलिसकर्मी और पानी लदे वाहन के चालक के सुरक्षित होने की जानकारी है. हादसे में सबसे अधिक चिंता घायल वृद्ध की स्थिति को लेकर है.
भीड़ जुटने से यातायात प्रभावित, पुलिस ने संभाली स्थिति
दुर्घटना की खबर फैलते ही धरहरा फोरलेन पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. इसके कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात को सामान्य कराया.
परिवार चलाने का सहारा है पानी बेचने वाला वाहन
पानी लदे वाहन के मालिक पप्पू पानी वाला ने बताया कि वह पानी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है. उसने बताया कि वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर थोड़ी दूर दूध लेने गया था. वापस लौटा तो वाहन दुर्घटनाग्रस्त मिला और पानी की बोतलें सड़क पर बिखरी पड़ी थीं.
डीएसपी ने मरम्मत का खर्च उठाने का दिया भरोसा
हादसे के बाद साइबर पुलिस उपाधीक्षक समीर कुमार सिंह ने वाहन मालिक पप्पू को भरोसा दिया कि वह अपने वाहन की मरम्मत करा लें. मरम्मत में आने वाला खर्च वह स्वयं देने की बात कही.
फिलहाल पुलिस हादसे के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. वहीं अस्पताल में भर्ती घायल वृद्ध के स्वास्थ्य पर सभी की नजर बनी हुई है.






.png)










0 Comments