बक्सर में 10.50 लाख की शराब बरामद, पिकअप चालक गिरफ्तार ..

आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे बिहार में कहां पहुंचाया जाना था.





                           


  • वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर रात में पकड़ी गई संदिग्ध पिकअप, 100 पेटियों में थी शराब
  • 4,800 पैक बरामद, पैकेट पर लिखा था ‘For Sale in U.P. Only’; वाहन भी जब्त

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बक्सर मद्यनिषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. 04 और 05 अक्टूबर की दरमियानी रात वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान उत्तर प्रदेश निर्मित विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई. संदिग्ध Bolero Maxx Pickup की तलाशी लेने पर 100 पेटियों में रखी कुल 4,800 पैक शराब बरामद हुई. इसकी कुल मात्रा 864 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10.50 लाख रुपये बताई गई है. मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर शराब लदे पिकअप को जब्त कर लिया गया है. यह जानकारी उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने दी.

चेकपोस्ट पर रोकी पिकअप, तलाशी में मिली शराब की खेप

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल के अनुसार, मद्यनिषेध विभाग की टीम वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर नियमित वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान UP 60CT 6976 नंबर की Bolero Maxx Pickup को संदिग्ध मानकर रोका गया. विधिवत तलाशी लेने पर वाहन से शराब की 100 पेटियां बरामद हुईं. प्रत्येक पेटी में 48 पैक थे. इस तरह कुल 4,800 पैक शराब मिली.

यूपी में बिक्री के लिए थी शराब, बिहार लाने की जांच

बरामद शराब के पैकेट पर ‘For Sale in U.P. Only’ लिखा हुआ था. विभाग के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा 8,64,000 एमएल यानी 864 लीटर है. इसकी अनुमानित कीमत 10.50 लाख रुपये आंकी गई है.

मामले में गिरफ्तार चालक की पहचान श्रवण कुमार, पिता राजेश राम, निवासी मिठनापुर नवादा, थाना गरवार, जिला बलिया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है. शराब परिवहन में इस्तेमाल Bolero Maxx Pickup को भी जब्त कर लिया गया है.

उत्पाद विभाग ने आरोपी के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे बिहार में कहां पहुंचाया जाना था.




















Post a Comment

0 Comments