बताया कि डुमरांव बाइपास के लिए रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के डिजाइन को रेलवे से जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग (जीएडी) की मंजूरी मिल गई है. इस प्रक्रिया में करीब छह से सात महीने लगे.

- दोनों ओर नाले के साथ होगा सड़कों का नवनिर्माण, बाजार में 100 से 150 गाड़ियों की क्षमता वाली पार्किंग की तैयारी
- विधायक राहुल सिंह ने बताया विकास योजनाओं का रोडमैप, ग्रामीण सड़कों से अस्पताल तक की व्यवस्थाओं में सुधार का दावा
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नवरात्रि और दुर्गा पूजा के अवसर पर डुमरांव के विधायक राहुल सिंह ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी. उन्होंने लोगों से पर्व को आपसी प्रेम, उल्लास और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की. साथ ही कहा कि मां दुर्गा की आराधना तभी सार्थक होगी, जब समाज में महिलाओं का सम्मान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी. विधायक ने डुमरांव को जाम से राहत दिलाने, सड़कों की स्थिति सुधारने, रेलवे स्टेशन के विकास, अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने और ग्रामीण मार्गों के निर्माण को लेकर चल रही योजनाओं का ब्योरा साझा किया.
रेलवे से पास हुआ बाइपास के आरओबी का डिजाइन, अब प्रशासनिक मंजूरी का इंतजार
डुमरांव में लंबे समय से जाम की समस्या का कारण शहर के बीच से गुजरने वाले भारी वाहन हैं. औद्योगिक गतिविधियों के कारण ट्रकों का आवागमन अधिक रहता है, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है. विधायक राहुल सिंह ने बताया कि डुमरांव बाइपास के लिए रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के डिजाइन को रेलवे से जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग (जीएडी) की मंजूरी मिल गई है. इस प्रक्रिया में करीब छह से सात महीने लगे.
उन्होंने बताया कि बाइपास के लिए शत-प्रतिशत भूमि अधिग्रहण पूरा कर जमीन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंप दी गई है. अब केंद्र सरकार से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. बाइपास बनने से शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होने और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है.
₹120 करोड़ से सड़कों का नवनिर्माण, तीन आरओबी की भी संभावना
विधायक ने बताया कि डुमरांव नगर की सड़कों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 120 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इस योजना में सड़कों के नवनिर्माण के साथ दोनों ओर नालों का निर्माण भी शामिल है, ताकि जलनिकासी की समस्या से राहत मिल सके.
उन्होंने डुमरांव में भविष्य में तीन रेलवे ओवरब्रिज बनने की संभावना भी जताई. इनसे संबंधित प्रक्रियाएं आगे बढ़ रही हैं. वहीं, डुमरांव रेलवे स्टेशन और स्टेशन से जुड़ी रेलवे सड़क के उन्नयन को लेकर दानापुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से चर्चा किए जाने की जानकारी दी.
अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने की तैयारी, डॉक्टरों और कर्मियों की तैनाती पर काम
अनुमंडल अस्पताल की व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवालों के जवाब में विधायक ने कहा कि अस्पताल में इलाज और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. उन्होंने अल्ट्रासाउंड सहित अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती को लेकर विभागीय स्तर पर प्रयास किए जाने की बात कही.
बस स्टैंड और पार्किंग से बाजार को जाममुक्त बनाने की योजना
डुमरांव में स्थायी बस स्टैंड के निर्माण को लेकर भी पहल की जा रही है. विधायक के अनुसार, इस संबंध में पत्राचार किया जा चुका है. हालांकि, बस स्टैंड के लिए अंतिम स्थान का चयन बाइपास शुरू होने और यातायात डायवर्जन की व्यवस्था स्पष्ट होने के बाद किया जाएगा, ताकि भविष्य में यातायात प्रभावित न हो.
बाजार में जाम की समस्या दूर करने के लिए 100 से 150 गाड़ियों की क्षमता वाला व्यवस्थित पार्किंग स्थल बनाने पर भी विचार किया जा रहा है. इसके निर्माण से बाजार आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने में सहूलियत मिलने और सड़कों पर अनावश्यक जाम कम होने की उम्मीद है.
नगर परिषद में अनियमितताओं पर कार्रवाई, ग्रामीण सड़कों का काम तेज करने का दावा
नगर परिषद में अनियमितताओं की शिकायतों पर विधायक ने बताया कि संबंधित एनजीओ का अनुबंध समाप्त कर दिया गया है और नया टेंडर निकाला गया है. अंचल कार्यालय की व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में सुधार हुआ है और सामने आने वाली कमियों पर जिला प्रशासन कार्रवाई कर रहा है.
ग्रामीण सड़कों की स्थिति पर विधायक ने बताया कि सोवां से बिलहरी तक की सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है. अन्य ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) की सड़कों पर भी मरम्मत और निर्माण का काम शुरू किया गया है. उन्होंने लंबित योजनाओं को तेजी से पूरा कराने तथा निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही.
अब निगाहें योजनाओं के धरातल पर उतरने पर
विधायक राहुल सिंह की ओर से बताई गई योजनाओं में बाइपास, 120 करोड़ रुपये की सड़क परियोजना और बाजार में पार्किंग की व्यवस्था डुमरांव के लिए खास महत्व रखती हैं. हालांकि, इन योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब स्वीकृति, टेंडर और निर्माण की प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी होंगी. अब लोगों की नजरें इन घोषणाओं के धरातल पर उतरने और शहर को जाम से वास्तविक राहत मिलने पर टिकी हैं.
वीडियो :





.png)








0 Comments