मिशन ज्ञानार्जन’ के तहत आयोजित एक दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी में पीएम श्री विद्यालयों और आदर्श विद्यालयों के विद्यार्थियों ने करीब 135 नवाचारी प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए. प्रदर्शनी में करीब 300 विद्यार्थी, अभिभावक और मार्गदर्शक शामिल हुए.

- किसी ने बनाया एयर प्यूरीफायर, तो किसी ने एआई ऐप से दिखाई तकनीक की ताकत
- इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने पेश किए भूकंपरोधी भवन और आधुनिक तकनीक के मॉडल
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर भवन में सोमवार को नजारा किसी विज्ञान मेले से कम नहीं था. यहां बच्चों ने सिर्फ किताबों में पढ़े विज्ञान को दोहराया नहीं, बल्कि अपने आइडिया को मॉडल का रूप देकर यह दिखा दिया कि बक्सर के स्कूलों में भविष्य के इनोवेटर्स तैयार हो रहे हैं. ‘मिशन ज्ञानार्जन’ के तहत आयोजित एक दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी में पीएम श्री विद्यालयों और आदर्श विद्यालयों के विद्यार्थियों ने करीब 135 नवाचारी प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए. प्रदर्शनी में करीब 300 विद्यार्थी, अभिभावक और मार्गदर्शक शामिल हुए.
नगर भवन में सजे मॉडल्स में पर्यावरण से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक की झलक देखने को मिली. बच्चों ने वायु प्रदूषण से निपटने के लिए एयर प्यूरीफायर का मॉडल तैयार किया, वहीं एआई और भौतिकी के चुंबकत्व सिद्धांतों पर आधारित ऐप और मॉडल भी प्रदर्शित किए. जीव विज्ञान और रोजमर्रा की जिंदगी में विज्ञान के इस्तेमाल से जुड़े प्रोजेक्ट्स ने भी लोगों का ध्यान खींचा.
इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने भी दिखाई तकनीक की ताकत
प्रदर्शनी में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बक्सर के विद्यार्थियों ने भी अपने प्रोजेक्ट्स से खास आकर्षण पैदा किया. सिविल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा भूकंपरोधी भवन निर्माण से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए गए. इन प्रोजेक्ट्स के जरिए विद्यार्थियों ने तकनीक को आम लोगों और युवाओं की जरूरतों से जोड़कर दिखाने की कोशिश की.
अधिकारियों ने देखे मॉडल, बच्चों की रचनात्मकता की सराहना
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया. जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा स्थापना) और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान) ने विद्यार्थियों के मॉडल देखे और उनके प्रयासों की सराहना की.
मॉडल्स के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक टीम ने भी विभिन्न प्रोजेक्ट्स का आकलन किया. ‘मिशन ज्ञानार्जन’ की टीम के समर्पित प्रयास और कुशल प्रबंधन से आयोजित यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए सीखने, प्रयोग करने और अपनी कल्पना को हकीकत में बदलने का मंच बनी.




.png)









0 Comments