स्कूलों का सघन निरीक्षण करने और बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया. विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए विद्यालयों के पोषक क्षेत्रों में अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया.

- मिशन कायाकल्प के तहत रंग-रोगन और मरम्मत का काम होगा पूरा, नल-पंखे से लेकर बल्ब तक होंगे दुरुस्त
- शिक्षकों की गैरहाजिरी पर होगी कार्रवाई, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. सोमवार, 12 अक्टूबर को डीएम साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में विद्यालयों का रंग-रोगन, जरूरी मरम्मत और शिक्षकों व विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. मिशन कायाकल्प के तहत इन कार्यों को अगले 15 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
नल, पंखे और बल्ब तक होंगे दुरुस्त
डीएम ने शिक्षा विभाग के जिला और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने का निर्देश दिया. इसके तहत स्कूलों में रंग-रोगन कराने के साथ रनिंग वाटर की व्यवस्था के लिए नल और पाइप की मरम्मत कराई जाएगी. खराब बल्ब, पंखे और अन्य जरूरी सुविधाओं को भी दुरुस्त करना होगा. अधिकारियों को इन कार्यों को अभियान चलाकर निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने को कहा गया है.
नामांकन और अपार कार्ड पर भी सख्ती
बैठक में शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों में बच्चों के नामांकन का निर्धारित लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कराने पर जोर दिया गया. इसके साथ ही विद्यार्थियों के अपार कार्ड बनाने का काम भी शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया गया. इस कार्य में रुचि नहीं लेने वाले निजी विद्यालयों के खिलाफ विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया.
गैरहाजिर शिक्षकों पर होगी कार्रवाई
डीएम ने सभी विद्यालयों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. इसके लिए स्कूलों का सघन निरीक्षण करने और बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया. विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए विद्यालयों के पोषक क्षेत्रों में अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया.
लापरवाही पर अधिकारियों को चेतावनी
समीक्षा बैठक में डीएम साहिला ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समेत शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे.




.png)








0 Comments