डुमरांव में दिनदहाड़े मर्डर, बाइक से जा रहे युवक की कनपटी में सटाकर मारी गोली .

दिनदहाड़े हुई इस हत्या से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों के बीच हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. 




                           



  • सम्हार-महरौरा पथ पर सरकारी बोरिंग के पास वारदात, जमीन विवाद की आशंका; एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
  • घर से डुमरांव जाने के लिए निकला था मुलायम सिंह यादव, घटनास्थल पर ही तोड़ा दम

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. सम्हार-महरौरा पथ पर सरकारी बोरिंग के पास बाइक से जा रहे 30 वर्षीय मुलायम सिंह यादव की कनपटी में सटाकर गोली मारी गई. गोली लगते ही वह सड़क किनारे गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

घर से निकला, रास्ते में घात लगाकर हमला

मृतक की पहचान सम्हार गांव निवासी उदय नारायण सिंह उर्फ वकील यादव के पुत्र मुलायम सिंह यादव के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, शनिवार की सुबह करीब 9:30 बजे मुलायम घर से डुमरांव जाने के लिए निकला था. वह अपने बहनोई रौशन यादव की बाइक लेकर जा रहा था. गांव से बाहर निकलकर जैसे ही वह सम्हार-महरौरा मार्ग पर सरकारी बोरिंग के पास पहुंचा, किसी ने उसकी कनपटी में सटाकर गोली मार दी. गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटनास्थल पर उसके कान और गर्दन से खून निकल रहा था.

पुलिस ने संभाला मोर्चा, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

दिनदहाड़े हत्या की खबर फैलते ही सम्हार गांव सहित आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई. घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया.

हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अभी तक वारदात की वजह स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस आपसी रंजिश, जमीन विवाद और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. वारदात में कौन शामिल था और हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

तीन भाइयों में सबसे छोटा था मुलायम

मुलायम सिंह यादव तीन भाइयों में सबसे छोटा था. दिनदहाड़े हुई इस हत्या से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों के बीच हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.

इस संबंध में डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले का अनुसंधान जारी है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का उद्भेदन कर लिया जाएगा.


















Post a Comment

0 Comments