बक्सर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से यात्री का हाथ-पैर कटा, दो अन्य हादसों में तीन घायल ..

गंभीर रूप से घायल यात्री को स्थानीय पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है.  वहीं, जिले में मंगलवार को हुई दो अन्य दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए. 



                           





  • मंगलवार शाम करीब सात बजे प्लेटफॉर्म पर हुआ हादसा, अज्ञात यात्री सदर अस्पताल में भर्ती
  • चुरामनपुर में बाइक दुर्घटना में दो युवक गंभीर, गोलंबर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक घायल

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : स्थानीय रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की शाम करीब सात बजे ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात यात्री का हाथ और पैर कट गया. गंभीर रूप से घायल यात्री को स्थानीय पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है.  वहीं, जिले में मंगलवार को हुई दो अन्य दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए. इनमें आरा-बक्सर फोरलेन पर चुरामनपुर के पास बाइक दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि बक्सर गोलंबर के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया.

चुरामनपुर में बाइक दुर्घटना, दो युवक गंभीर

पहली घटना मंगलवार शाम करीब सात बजे औद्योगिक थाना क्षेत्र के चुरामनपुर स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने हुई. यहां बाइक सवार दो युवक दुर्घटना का शिकार हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया.

घायलों की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के बलिहार गांव निवासी राजाबाबू, पिता चंद्रिका राम, तथा दुल्लहपुर गांव निवासी नीलेश पांडेय, पिता रघुनाथ पांडेय के रूप में हुई है. दोनों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि अधिक रक्तस्राव के कारण दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

गोलंबर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर

दूसरी घटना बक्सर गोलंबर स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई. यहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय सुजीत चौरसिया घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति खतरे से बाहर है. उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया.

स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर

रेलवे स्टेशन पर हुई एक अन्य घटना मंगलवार की शाम की है. नगर थाना क्षेत्र के सिंडिकेट निवासी धर्मेंद्र गोंड, पिता छोटक गोंड, ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से घायल हो गए. उनका इलाज जारी है. स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है.












Post a Comment

0 Comments