ट्रेन पकड़ने की जल्दी में न हो जाए परेशानी! बक्सर स्टेशन के रास्ते से हटाए गए अवैध वाहन ..

जीआरपी ने स्टेशन के बाहरी परिसर में नो पार्किंग जोन से अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटाने का अभियान चलाया. जीआरपी थानाध्यक्ष मणि चंद्र पांडेय के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों ने राहत महसूस की. 

रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे हैं अभियान के दौरान थानाध्यक्ष व अन्य पुलिसकर्मी



                           





  • दुर्गा पूजा और दशहरे की भीड़ को देखते हुए जीआरपी ने चलाया अभियान, नो पार्किंग जोन से हटाए गए ऑटो और अन्य वाहन
  • यात्रियों ने ली राहत की सांस, स्थानीय लोगों ने नियमित अभियान चलाने की उठाई मांग

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : दुर्गा पूजा और दशहरे के दौरान रेलवे स्टेशन पर बढ़ती यात्रियों की भीड़ के बीच रास्ते में खड़े ऑटो और अन्य वाहन लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं. ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को जाम का सामना न करना पड़े, इसके लिए मंगलवार को जीआरपी ने स्टेशन के बाहरी परिसर में नो पार्किंग जोन से अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटाने का अभियान चलाया. जीआरपी थानाध्यक्ष मनी चंद्र पांडेय के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों ने राहत महसूस की.

वाहनों के कारण बाधित हो रहा था रास्ता

स्थानीय लोगों के अनुसार, रेलवे स्टेशन के बाहरी परिसर में ऑटो, ई-रिक्शा, जीप और अन्य सवारी वाहन चालक बेतरतीब ढंग से गाड़ियां खड़ी कर देते हैं. इससे स्टेशन के भीतर जाने और बाहर निकलने का रास्ता बाधित हो जाता है. त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने से यह समस्या और गंभीर हो जाती है. ऐसे में ट्रेन पकड़ने के लिए समय पर स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को भी जाम में फंसने का डर बना रहता है.

अभियान के बाद मिली राहत, लेकिन स्थायी समाधान की जरूरत

स्थानीय निवासी राजू कुमार ने बताया कि सवारी वाहन चालक कई बार स्टेशन परिसर में प्रवेश करने वाले मार्ग को ही अवरुद्ध कर देते हैं. इससे यात्रियों को परेशानी होती है और जल्दबाजी में उनकी ट्रेन तक छूट जाती है. उन्होंने कहा कि जीआरपी की इस कार्रवाई से निश्चित रूप से राहत मिली है, लेकिन केवल एक दिन अभियान चलाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा.

राजू कुमार के मुताबिक, अभियान समाप्त होने के बाद वाहन चालक फिर से उसी तरह सड़क पर वाहन खड़े करने लगते हैं. ऐसे में जरूरी है कि जीआरपी और संबंधित विभाग नियमित रूप से अभियान चलाएं तथा नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई करें. इससे स्टेशन का रास्ता सुगम रहेगा और यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी.












Post a Comment

0 Comments