भदार में दौड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दम, संध्या और अमन बने चैंपियन ..

इस स्पर्धा में 100 मीटर से लेकर 1600 मीटर तक की दौड़ में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. महिला वर्ग की दौड़ में संध्या ने दो स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया, जबकि बालक वर्ग में अमन और लवकुश ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में बाजी मारी.




                           


  • 100 से 1600 मीटर तक की दौड़ में बच्चों ने दिखाया दमखम, बच्चियों की भागीदारी ने बढ़ाया उत्साह
  • नवरात्रि पर हर साल होती हैं खेलकूद, मेधा परीक्षा और नाटक प्रतियोगिताएं

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नवरात्रि के अवसर पर नवयुवक दुर्गा पूजा समिति, भदार की ओर से निर्मल कुमार जैन खेल मैदान में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में बच्चों और बच्चियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. अमावस्या के अवसर पर आयोजित इस स्पर्धा में 100 मीटर से लेकर 1600 मीटर तक की दौड़ में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. महिला वर्ग की दौड़ में संध्या ने दो स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल किया, जबकि बालक वर्ग में अमन और लवकुश ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में बाजी मारी.

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुखिया पति हवलदार रजक, जिला परिषद प्रत्याशी कविलाश सिंह और पूजा समिति के कोषाध्यक्ष अनिल सिंह ने संयुक्त रूप से किया. मैदान में मौजूद ग्रामीणों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और बच्चों की खेल प्रतिभा की सराहना की.

संध्या ने दो स्पर्धाओं में हासिल किया पहला स्थान

महिला वर्ग की 1000 मीटर दौड़ में संध्या ने प्रथम, ममता ने द्वितीय और कृति कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं, 100 मीटर दौड़ में भी संध्या ने पहला स्थान हासिल किया. ममता दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि साक्षी और रोशनी ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया.

बालक वर्ग की 1600 मीटर दौड़ में अमन ने प्रथम, लवकुश ने द्वितीय और लवकेश ने तृतीय स्थान हासिल किया. वहीं, 100 मीटर दौड़ में लवकुश ने पहला, सोनू ने दूसरा और विवेक कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया.

खेल के साथ पढ़ाई और सांस्कृतिक प्रतिभा को भी मिलता है मंच

नवयुवक दुर्गा पूजा समिति की ओर से धार्मिक आयोजनों के साथ हर साल बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए मेधा प्रतियोगी परीक्षा, खेलकूद स्पर्धा और नाटक प्रतियोगिता आयोजित की जाती है. इन आयोजनों में गांव के बच्चे और बच्चियां बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं. समिति का उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति उत्साह पैदा करना है.

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सुनील कुमार, कुणाल, राकेश, मनीष, क्षितिज और अन्य लोग शामिल रहे. चित्तू, विकास, अमरेंद्र, श्रवण, भोला और रंजीत ने लाइंसमैन की भूमिका निभाई. कार्यक्रम का संचालन विमल कुमार सिंह ने किया. मौके पर सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे और आयोजन की प्रशंसा की.

समिति के अनुसार, खेलकूद स्पर्धा के तहत 17 अक्टूबर को कूद और गोला फेंक प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. इसके बाद 18 अक्टूबर को विभिन्न वर्गों के बच्चों के बीच लिखित प्रतियोगिता होगी.



















Post a Comment

0 Comments