चेक की क्लोनिंग, फर्जी आधार और 18.63 लाख का खेल, पांच साल बाद सासाराम से गिरफ्तारी ..

पुलिस ने सासाराम निवासी रॉबिन्स कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी. उसके सासाराम पहुंचने की सूचना मिलते ही टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. 





                           



  • भोला प्रसाद के खाते से दो चेक के जरिए हुई थी रकम की निकासी, पुलिस को लंबे समय से थी रॉबिन्स कुमार सिंह की तलाश
  • फर्जी आधार से खाता खुलवाकर रकम ट्रांसफर कराने का आरोप, पटना में छिपकर रह रहा था आरोपित 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक की बक्सर शाखा से जुड़े वर्ष 2021 के चेक क्लोनिंग और करीब 18 लाख 63 हजार रुपये के फर्जीवाड़े में पुलिस ने सासाराम निवासी रॉबिन्स कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है. पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी. उसके सासाराम पहुंचने की सूचना मिलते ही टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है.

भोला प्रसाद के खाते से ट्रांसफर हुई थी रकम

जगजीवन नगर निवासी भोला प्रसाद ने नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया था कि 13 सितंबर 2021 को उनके खाते से दो चेक के जरिए 8.75 लाख और 9.50 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए गए. भोला प्रसाद के अनुसार, दोनों मूल चेक उनके पास मौजूद थे और उन्होंने भुगतान की कोई अनुमति नहीं दी थी. उन्होंने चेक और हस्ताक्षर की क्लोनिंग कर रकम निकालने का आरोप लगाया था.

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि खाते से जुड़े मोबाइल नंबर को बदल दिया गया था. इसके कारण रकम ट्रांसफर होने की जानकारी उन्हें तत्काल नहीं मिल सकी. मामले में बैंककर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आई थी और उनके खिलाफ कार्रवाई हुई थी.

फर्जी आधार से खुलवाया था बैंक खाता

पुलिस के अनुसार, रॉबिन्स कुमार सिंह ने फर्जी आधार कार्ड के सहारे बैंक खाता खुलवाया था और इसी खाते में भोला प्रसाद के खाते से रकम ट्रांसफर कराई गई थी. घटना के बाद वह पटना में रह रहा था. बाद में उसने कथित तौर पर दोबारा फर्जी आधार कार्ड बनवाया, जिसमें अपना पता सासाराम का दर्ज कराया था.

सासाराम पहुंचा तो पुलिस ने दबोचा

पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी थी. इसी बीच उसके सासाराम पहुंचने की सूचना मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब चेक क्लोनिंग, फर्जी आधार से खाता खुलवाने और रकम ट्रांसफर कराने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है. मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.


















Post a Comment

0 Comments