बक्सर स्टेशन पर यात्री का बैग खंगालने वाले गिरोह की 2 महिलाएं गिरफ्तार, 20 हजार रुपये के चांदी के गहने बरामद ..

स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर वेटिंग हॉल के पास संदिग्ध स्थिति में मिलीं दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान उनके पास से चांदी की एक जोड़ी पायल और तीन जोड़ी बिछिया बरामद हुईं. बरामद आभूषणों की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है.






               







  • कोलकाता से आ रही ट्रेन में यात्री के बैग से आभूषण चोरी करने की बात कबूली, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
  • पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं दोनों महिलाएं, कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंपा

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के सामान पर नजर रखने वाले कथित अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बक्सर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है. मंगलवार, 27 अक्टूबर की शाम स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर वेटिंग हॉल के पास संदिग्ध स्थिति में मिलीं दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया. तलाशी के दौरान उनके पास से चांदी की एक जोड़ी पायल और तीन जोड़ी बिछिया बरामद हुईं. बरामद आभूषणों की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है.

पूछताछ में ट्रेन में चोरी करने की बात बताई

रेलवे सुरक्षा बल की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे आरपीएफ और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रही थी. इसी दौरान वेटिंग हॉल के समीप दोनों महिलाएं संदिग्ध परिस्थिति में दिखाई दीं. नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके पास कपड़े की एक पोटली मिली, जिसमें चांदी के आभूषण रखे हुए थे.

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर कोलकाता से आ रही एक ट्रेन में यात्री के बैग से आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की. गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बांडेल निवासी लक्ष्मी पासी (48) और आसनसोल जिले के बराकर निवासी पूजा पासी (26) के रूप में हुई है.

पहले भी जेल जाने की जानकारी, आगे की जांच जीआरपी के जिम्मे

आरपीएफ की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं में से एक के पूर्व में भी हुगली पीपी से जुड़े मामलों में कई बार जेल जाने की बात सामने आई है. हालांकि, बरामद आभूषणों और कथित चोरी से जुड़े मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

इस कार्रवाई में आरपीएफ के एएसआइ योगेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल ब्रजेश राय, कांस्टेबल डीके सिंह और जीआरपी की एलसीटी प्रेम प्रकाश शामिल रहे. आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों महिलाओं को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया.

आरपीएफ ने रेल यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान अपने बैग और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ या जीआरपी को दें.









Post a Comment

0 Comments