वोटर लिस्ट से नाम गायब है तो न हों परेशान, 25 अक्टूबर को लगेगा विशेष कैंप ..

भारत निर्वाचन आयोग और निर्वाचन विभाग, बिहार के दिशा-निर्देशों के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य ऐसे योग्य मतदाताओं को निर्वाचक सूची में शामिल करना है, जो किसी कारणवश सूची से छूट गए हैं.





                           




बक्सर में छूटे मतदाताओं और पहली बार वोट देने वालों को मिलेगा मौका, बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन

एक महीने में पूरी होगी छूटे मतदाताओं की पहचान, योग्य लोगों का फॉर्म-6 भरवाकर सूची में जोड़ा जाएगा नाम 

बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : वोटर लिस्ट में नाम नहीं है या पहली बार मतदान करने की उम्र पूरी कर चुके हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है. विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में छूटे लोगों और पहली बार वोट देने के योग्य युवाओं का नाम जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है. इसके तहत 25 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाया जाएगा. यहां पात्र मतदाता अपना पंजीकरण कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम साहिला ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. भारत निर्वाचन आयोग और निर्वाचन विभाग, बिहार के दिशा-निर्देशों के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य ऐसे योग्य मतदाताओं को निर्वाचक सूची में शामिल करना है, जो किसी कारणवश सूची से छूट गए हैं.

पुरानी और नई वोटर लिस्ट का होगा मिलान

अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले की मतदाता सूची और वर्तमान सूची का मिलान करेंगे. इस दौरान ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनका नाम पुरानी सूची में था, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं है. इसके बाद संबंधित मतदाताओं के घर जाकर सत्यापन किया जाएगा.

बीएलओ प्रत्येक सप्ताह 20 से 25 मतदाताओं का सत्यापन करेंगे. यह प्रक्रिया एक महीने के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है. सत्यापन के दौरान प्रत्येक मतदाता की वर्तमान स्थिति दर्ज की जाएगी. पात्र पाए जाने वाले लोगों का नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योग्य व्यक्ति का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए फॉर्म-6 भरने की कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाए.

राजनीतिक दलों को भी मिलेगी सूची, होगा प्रचार-प्रसार

अभियान में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बीएलओ तैयार सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ भी साझा करेंगे. सत्यापन रिपोर्ट और फॉर्म-6 संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को सौंपे जाएंगे. इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. अभियान समाप्त होने पर मतदान केंद्रवार तैयार सूची राजनीतिक दलों के साथ साझा की जाएगी.

जिला प्रशासन जरूरत के अनुसार रात्रि आश्रय स्थलों, मजदूर कॉलोनियों, गृहविहीन लोगों और कमजोर वर्गों के लिए विशेष कैंप भी आयोजित करेगा. मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप गतिविधियां चलाई जाएंगी. मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा. जिला और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्तर पर अभियान की नियमित निगरानी की जाएगी.

25 अक्टूबर को विशेष कैंप में पात्र मतदाता अपने पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं.













Post a Comment

0 Comments