मैदान पर दिखी रफ्तार और फुर्ती, बक्सर में 60 खिलाड़ियों ने आजमाया हुनर ..

बिहार सरकार के खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में एकलव्य राज्य प्रशिक्षण केंद्र एवं खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के दल के गठन के लिए खो-खो चयन ट्रायल प्रतियोगिता-2026 आयोजित की गई.




                           

  • एम.पी. उच्च विद्यालय के मैदान में बेगूसराय और बक्सर के खिलाड़ियों के बीच चयन की जंग
  • प्रदर्शन के आधार पर एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र और खेलो इंडिया सेंटर के लिए चुने जाएंगे प्रतिभावान खिलाड़ी

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : खो-खो के मैदान पर रविवार को खिलाड़ियों की रफ्तार, फुर्ती और दमखम देखने को मिला. एम.पी. उच्च विद्यालय स्थित खो-खो मैदान में आयोजित चयन ट्रायल प्रतियोगिता में 60 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. बिहार सरकार के खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में एकलव्य राज्य प्रशिक्षण केंद्र एवं खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के दल के गठन के लिए खो-खो चयन ट्रायल प्रतियोगिता-2026 आयोजित की गई.

चयन ट्रायल में खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, बेगूसराय के 30 तथा खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, बक्सर के 30 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. मैदान में उतरते ही खिलाड़ियों ने अपनी गति, चपलता और तकनीकी कौशल से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा. हर खिलाड़ी की कोशिश थी कि उसके प्रदर्शन की चमक उसे प्रशिक्षण केंद्र तक पहुंचने का मौका दिला सके.

एक-एक अंक के लिए दिखा दमखम

प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रभारी खेल पदाधिकारी-सह-वरीय उप समाहर्ता, बक्सर रवि बहादुर ने किया. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया. इसके बाद खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ ट्रायल में हिस्सा लिया. तेज दौड़, अचानक दिशा बदलने की क्षमता और विरोधी खिलाड़ियों को छकाने के कौशल ने मैदान में रोमांच पैदा कर दिया.

खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर एकलव्य राज्य प्रशिक्षण केंद्र और खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के दल के लिए प्रतिभावान एवं योग्य खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा. चयन प्रक्रिया का उद्देश्य उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है.

राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की तैयारी

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और जरूरी अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. ऐसे चयन ट्रायल से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ-साथ आगे की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार होने का मौका मिलता है.

प्रशासन का लक्ष्य है कि बक्सर की प्रतिभाएं प्रशिक्षण और संसाधनों के सहारे राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएं. रविवार को खो-खो मैदान में खिलाड़ियों का जोश इसी उम्मीद की तस्वीर पेश करता नजर आया.



















Post a Comment

0 Comments