पटना के विश्वेश्वरैया नगर स्थित बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के मुख्यालय में रविवार को हुई वार्षिक आम बैठक में संगठन के आधुनिकीकरण को लेकर जमकर मंथन हुआ. बैठक में बक्सर से पहुंचे जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने डिजिटल दौर में संगठन की सक्रियता बढ़ाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया.

- बक्सर के सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने सोशल मीडिया और तकनीक को लेकर किया आगाह, बोले-समय के साथ नहीं बदले तो पीछे छूट जाएगा संगठन
- सीएसडी कैंटीन, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक और सैनिक कल्याण केंद्र की सुविधाओं पर भी चर्चा, बक्सर से कई पदाधिकारियों ने किया प्रतिनिधित्व
बक्सर टॉप न्यूज बक्सर/पटना : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दौर है, सोशल मीडिया की रफ्तार है और सूचनाएं पलभर में लोगों तक पहुंच रही हैं. ऐसे समय में पूर्व सैनिकों का संगठन भी अपनी कार्यप्रणाली बदलने की तैयारी में है. पटना के विश्वेश्वरैया नगर स्थित बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के मुख्यालय में रविवार को हुई वार्षिक आम बैठक में संगठन के आधुनिकीकरण को लेकर जमकर मंथन हुआ. बैठक में बक्सर से पहुंचे जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने डिजिटल दौर में संगठन की सक्रियता बढ़ाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया.
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष लेफ्टिनेंट एन.के. सिंह ने की. दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक ब्रिगेडियर ए.के. यादव और कर्नल ओमप्रकाश मौजूद रहे. प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अध्यक्षों और महासचिवों ने संगठन की गतिविधियों और पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की. प्रदेश महासचिव कैप्टन अश्वनी कुमार ने सालभर का वित्तीय लेखा-जोखा सदन के सामने रखा, जबकि पिछले वर्ष दिए गए सुझावों पर हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई.
बक्सर से उठी आवाज- सोशल मीडिया को नजरअंदाज करना पड़ेगा भारी
बक्सर जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने बैठक में संगठन के डिजिटल भविष्य पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आज एआई और डिजिटल क्रांति का दौर है. ऐसे में संगठन को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी और काम करने के तरीके को बदलना होगा. पूर्व सैनिकों से जुड़ी गतिविधियों, योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी डिजिटल माध्यम से तेजी से लोगों तक पहुंचाई जा सकती है.
उन्होंने संकेत दिया कि अगर संगठन आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया के साथ कदमताल नहीं करेगा तो बदलते दौर में उसकी पहुंच प्रभावित हो सकती है. उनका यह सुझाव बैठक में चर्चा का प्रमुख विषय रहा.
बक्सर की सुविधाओं का भी उठा मुद्दा
बैठक में बक्सर जिले की ओर से जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह और महासचिव नायब सूबेदार मिथिलेश कुमार सिंह ने प्रतिनिधित्व किया. डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष सेना मेडल सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह और निर्देशक जयप्रकाश प्रसाद भी मौजूद रहे.
रामनाथ सिंह ने बक्सर में पूर्व सैनिकों के लिए संचालित सीएसडी कैंटीन, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक और सैनिक कल्याण केंद्र के सुचारू संचालन को महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने रखा. उन्होंने इन सुविधाओं के माध्यम से पूर्व सैनिकों को मिल रही सेवाओं और संगठन की भूमिका पर भी बात रखी.
बैठक में संगठन के राज्यव्यापी विस्तार, मजबूती और पूर्व सैनिकों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने की रणनीति पर चर्चा हुई. अंत में राष्ट्रगान के बाद सामूहिक प्रीतिभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. पदाधिकारियों ने पूर्व सैनिकों के कल्याण और उनके अधिकारों की आवाज को और मजबूती से उठाने का संकल्प दोहराया.




.png)








0 Comments