BREAKING : वीडियो : दशहरे से पहले खलासी मोहल्ले में बड़ी कार्रवाई, अवैध बूचड़खानों और प्रतिबंधित मांस बिक्री पर छापा ..

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से एक बार फिर खलासी मोहल्ले में अवैध बूचड़खानों का संचालन शुरू हो गया था. इसके साथ ही वहां संचालित मांस की दुकानों पर प्रतिबंधित मांस की बिक्री किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही थीं.




                           
  • पशु क्रूरता निवारण पदाधिकारी, नगर थाना पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त कार्रवाई, प्रतिबंधित मांस समेत आपत्तिजनक सामान बरामद
  • वर्षों से चल रहे अवैध कारोबार पर फिर कसा शिकंजा, पहले भी छापेमारी में मुक्त कराए गए थे करीब 82 पशु
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : नवरात्र और दशहरे की शुरुआत के पहले बक्सर के खलासी मोहल्ले में अवैध बूचड़खानों के संचालन और दुकानों पर प्रतिबंधित मांस की बिक्री की सूचना पर शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई. पशु क्रूरता अत्याचार निवारण पदाधिकारी दीपक कुमार के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस और नगर परिषद की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित मांस समेत कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद होने की बात सामने आई है. फिलहाल मौके पर कार्रवाई जारी है और जब्त सामानों की सूची तैयार की जा रही है.

पशु क्रूरता अत्याचार निवारण पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि कार्रवाई में उनके साथ नगर थाना पुलिस टीम और नगर परिषद की टीम शामिल है. छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित मांस एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है. बरामद सामानों की सूची तैयार की जा रही है. सूची तैयार होने के बाद कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.

पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई

स्थानीय सूत्रों के अनुसार खलासी मोहल्ले में अवैध बूचड़खानों के संचालन की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं. कुछ वर्षों पूर्व तत्कालीन एसडीएम धीरेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में यहां छापेमारी की गई थी. उस कार्रवाई में करीब 82 पशुओं को मुक्त कराया गया था. इसके बाद कुछ समय तक इस तरह के कारोबार में कमी आने की बात सामने आई थी.

हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से एक बार फिर खलासी मोहल्ले में अवैध बूचड़खानों का संचालन शुरू हो गया था. इसके साथ ही वहां संचालित मांस की दुकानों पर प्रतिबंधित मांस की बिक्री किए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही थीं. इसी सूचना के आधार पर प्रशासनिक और पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की.


मंदिर और गंगा मार्ग पर गंदगी का भी आरोप

शिवसेना के जिलाध्यक्ष राहुल पांडेय ने कार्रवाई को जरूरी बताते हुए कहा कि खलासी मोहल्ले में अवैध बूचड़खानों और खुले में मांस बिक्री के कारण आसपास के इलाके में दुर्गंध और गंदगी की समस्या बनी रहती थी. उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र गौरी शंकर मंदिर और गंगा स्नान के लिए जाने वाले मार्ग से जुड़ा है, ऐसे में यहां साफ-सफाई और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है.

राहुल पांडेय ने दशहरे से पहले हुई कार्रवाई के लिए प्रशासन का आभार जताते हुए इसे स्थानीय लोगों के लिए राहत की कार्रवाई बताया. हालांकि, अब सबकी नजर इस बात पर है कि छापेमारी में कितनी मात्रा में मांस और अन्य सामान बरामद हुआ तथा आगे प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है.

फिलहाल पशु क्रूरता अत्याचार निवारण पदाधिकारी दीपक कुमार ने स्पष्ट किया है कि जब्त सामानों की सूची तैयार होने के बाद कार्रवाई से संबंधित पूरी जानकारी दी जाएगी.
वीडियो : 



















Post a Comment

0 Comments