नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था और उससे जुड़ी जनसमस्याओं की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमिटी गठित की है. कमिटी को 7 अक्टूबर 2026 तक जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपने का निर्देश दिया गया है.
- 7 अक्टूबर तक रिपोर्ट देगी 3 सदस्यीय कमिटी, सफाई व्यवस्था और जनशिकायतों की होगी जांच
- नगर विकास एवं आवास विभाग ने लिया संज्ञान, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार की उम्मीद
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : नगर परिषद क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच नगर विकास एवं आवास विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. विधायक आनंद मिश्रा की पहल के बाद विभाग ने नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था और उससे जुड़ी जनसमस्याओं की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमिटी गठित की है. कमिटी को 7 अक्टूबर 2026 तक जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपने का निर्देश दिया गया है.
दरअसल, बक्सर धाम की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विधायक आनंद मिश्रा ने नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा के समक्ष नगर परिषद क्षेत्र की सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को उठाया था. विधायक ने लोगों की शिकायतों और नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर सामने आ रहे मुद्दों से विभाग को अवगत कराया था. इसके बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कमिटी का गठन किया है.
शिकायतों की भी होगी जांच
गठित तीन सदस्यीय कमिटी बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था की स्थिति की जांच करेगी. इसके साथ ही सफाई व्यवस्था से संबंधित शिकायतों का भी परीक्षण किया जाएगा. कमिटी को मामले की जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
जांच कमिटी की रिपोर्ट सामने आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि नगर परिषद क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को लेकर सामने आई शिकायतों की वास्तविक स्थिति क्या है और इसमें सुधार के लिए किस स्तर पर कार्रवाई की जरूरत है.
7 अक्टूबर की रिपोर्ट पर टिकी नजर
विभाग की ओर से जांच के लिए तय की गई समय सीमा के चलते अब 7 अक्टूबर को सौंपी जाने वाली रिपोर्ट महत्वपूर्ण मानी जा रही है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई और सफाई व्यवस्था में सुधार को लेकर कदम उठाए जा सकते हैं.
विधायक आनंद मिश्रा ने कहा है कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर वे लगातार संबंधित विभागों के समक्ष आवाज उठाते रहेंगे. बक्सर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के लिए प्रयास जारी रहेगा.
नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की जांच के लिए कमिटी गठित होने के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि जांच के निष्कर्ष के आधार पर शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे.





.png)







0 Comments