बक्सर में डिज्नीलैंड मेले का आगाज, ‘छिपकली झूला’ बनेगा खास आकर्षण ..

कहा कि आज के समय में लोग ऑनलाइन गेम्स और शॉपिंग को अधिक तरजीह दे रहे हैं, लेकिन ऑफलाइन खरीदारी और मेलों में घूमने-फिरने का अपना अलग महत्व है. ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं. 



                           





  • नवरात्रि से छठ पूजा तक लगेगा मेला, झूलों के रोमांच के साथ मीना बाजार और लजीज व्यंजनों का भी मिलेगा आनंद
  • आईटीआई रोड स्थित जेल पईन रोड पर जुटेंगे मेले के शौकीन, बच्चों से लेकर बड़ों तक के मनोरंजन की व्यवस्था 

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : शहर के आईटीआई रोड स्थित जेल पईन रोड, वार्ड नंबर 5 में शुक्रवार को डिज्नीलैंड मेले का भव्य शुभारंभ हुआ. रंग-बिरंगे झूलों, मीना बाजार और खान-पान के स्टॉल से सजे इस मेले में मनोरंजन और खरीदारी का एक साथ आनंद मिलेगा. मेले का उद्घाटन बक्सर नगर परिषद की चेयरमैन कमरून निशा, नियमतुल्ला फरीदी, वार्ड पार्षद दीपक सिंह, मेले के प्रोपराइटर डब्बू जी, हरि दुबे, पवन दुबे और किस्मत यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. मेले के शुरू होते ही लोगों में उत्साह देखने को मिला.

‘छिपकली झूला’ पर रहेगा सबका ध्यान

इस बार डिज्नीलैंड मेले में कई नए और आकर्षक झूले लगाए गए हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा ‘छिपकली झूला’ की है. आयोजकों का दावा है कि बिहार में पहली बार लोग इस तरह के झूले का आनंद यहां उठा सकेंगे. यही वजह है कि इस अनोखे आकर्षण को लेकर लोगों में खास उत्सुकता है.

बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए टावर झूला, ब्रेक डांस, ड्रैगन, मिकी माउस और नाव झूला समेत कई विकल्प मौजूद हैं. वहीं, रोमांच पसंद करने वालों के लिए भूत बंगला भी आकर्षण का केंद्र रहेगा. अलग-अलग उम्र के लोगों की पसंद को ध्यान में रखकर मेले में मनोरंजन के साधन जुटाए गए हैं.

मीना बाजार में खरीदारी, स्टॉल पर मिलेगा स्वाद

डिज्नीलैंड मेला सिर्फ झूलों तक सीमित नहीं रहेगा. यहां लगाए गए मीना बाजार में लोग विभिन्न प्रकार की आकर्षक वस्तुओं की खरीदारी कर सकेंगे. बच्चों के सामान से लेकर महिलाओं और परिवार के अन्य सदस्यों की पसंद की चीजें भी बाजार में उपलब्ध रहेंगी.

वहीं, खाने-पीने के शौकीनों के लिए विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए हैं. ऐसे में परिवार के साथ मेले में पहुंचने वाले लोगों को एक ही परिसर में मनोरंजन, खरीदारी और खान-पान का आनंद लेने का मौका मिलेगा.

नवरात्रि से छठ तक चलेगा मेला

आयोजकों के अनुसार, मेला प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा. इसकी शुरुआत नवरात्रि के अवसर पर की गई है और यह दीपावली होते हुए छठ पूजा तक जारी रहेगा. इस दौरान बक्सर शहर के साथ आसपास के इलाकों से भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है.



मेले के आयोजकों ने शहरवासियों और आसपास के लोगों से परिवार के साथ पहुंचकर विभिन्न झूलों और अन्य आकर्षणों का आनंद लेने की अपील की है. अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार डिज्नीलैंड मेले का नया आकर्षण ‘छिपकली झूला’ लोगों के बीच कितना लोकप्रिय होता है.

सोनपुर मेले की तर्ज पर बक्सर में भी भव्य मेले की तैयारी : नियामतुल्लाह फरीदी

मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी ने कहा कि दशहरे के अवसर पर इस तरह के मेले का आयोजन निश्चित रूप से एक बेहतर पहल है. यह मेला शहरवासियों के लिए मनोरंजन का एक अच्छा केंद्र बनेगा, जहां लोग परिवार के साथ आकर झूलों, खरीदारी और खान-पान का आनंद ले सकेंगे. उन्होंने कहा कि नगर परिषद की योजना बक्सर में भी सोनपुर मेले की तर्ज पर हर साल एक भव्य मेले का आयोजन करने की है. इसके लिए योजना बनाई जा रही है. इस पहल का उद्देश्य शहर में मनोरंजन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ मेले की परंपरा को बढ़ावा देना है.

ऑनलाइन शॉपिंग के दौर में मेलों की अपनी खास अहमियत : दीपक सिंह

मेले के उद्घाटन के मौके पर वार्ड पार्षद दीपक सिंह ने कहा कि आज के समय में लोग ऑनलाइन गेम्स और शॉपिंग को अधिक तरजीह दे रहे हैं, लेकिन ऑफलाइन खरीदारी और मेलों में घूमने-फिरने का अपना अलग महत्व है. ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं. मेलों में लोगों को एक-दूसरे से मिलने-जुलने और उन परिचितों से भी मुलाकात करने का अवसर मिलता है, जिनसे लंबे समय से मिलना नहीं हो पाता. उन्होंने कहा कि सामाजिक मेलजोल और आपसी संबंधों को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देना चाहिए. साथ ही, लोगों को भी मेले में पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए.












Post a Comment

0 Comments