अधिकारियों और कर्मियों ने श्रमदान करते हुए आम लोगों से भी अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की.
- नाथ बाबा पुल से ज्योति प्रकाश चौक तक सोन नहर के किनारे चला विशेष स्वच्छता अभियान
- डीएम, एडीएम और डीडीसी समेत अधिकारियों ने खुद की सफाई, लोगों से भी जुड़ने की अपील
बक्सर टॉप न्यूज, बक्सर : नगर में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत गुरुवार को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ श्रमदान अभियान चलाया गया. जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में डीएम समेत एडीएम, डीडीसी और अन्य पदाधिकारियों ने नाथ बाबा पुल से ज्योति प्रकाश चौक तक सोन नहर की शाखा के किनारे खुद श्रमदान किया. अधिकारियों ने सफाई में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने में जनभागीदारी का संदेश दिया.
अभियान के दौरान नहर किनारे और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई. अधिकारियों और कर्मियों ने श्रमदान करते हुए आम लोगों से भी अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की.
जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है. ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को जागरूक करने के साथ उन्हें स्वयं आगे बढ़कर श्रमदान के लिए प्रेरित करना है. सार्वजनिक स्थलों, गलियों, मोहल्लों, विद्यालयों और कार्यालय परिसरों को स्वच्छ रखने के लिए प्रशासन के साथ आम लोगों की भागीदारी जरूरी है.
उप विकास आयुक्त ने कहा कि सामूहिक श्रमदान से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है. वहीं, अपर समाहर्त्ता ने आमजनों से अपने आसपास के क्षेत्रों में कम से कम एक घंटा श्रमदान करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष दिवस तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है.
अभियान में वरीय उप समाहर्त्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, निदेशक एनईपी, जिला समन्वयक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, लोहिया स्वच्छता अभियान के जिला सलाहकार सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.





.png)










0 Comments