युवा जदयू में डॉ. संदीप ठाकुर का कद बढ़ा, बने बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष ..

संगठन के विस्तार और युवा नेतृत्व को मजबूती देने के उद्देश्य से किए गए इस पुनर्गठन में उन्हें महत्वपूर्ण स्थान मिलने से उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है. डॉ. संदीप ठाकुर पूर्व छात्र नेता रहे हैं और लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं.



                           





  • दो बार प्रदेश सचिव और दो बार महासचिव रह चुके हैं संदीप ठाकुर, संगठन को मजबूत करने की मिली जिम्मेदारी
  • शिक्षा, रोजगार और युवाओं के पलायन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प, बक्सर के नेताओं ने दी बधाई

बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : युवा जनता दल यूनाइटेड (युवा जदयू) की नई प्रदेश कमिटी में डॉ. शत्रुघ्न कुमार ठाकुर उर्फ संदीप ठाकुर को बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. संगठन के विस्तार और युवा नेतृत्व को मजबूती देने के उद्देश्य से किए गए इस पुनर्गठन में उन्हें महत्वपूर्ण स्थान मिलने से उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है. डॉ. संदीप ठाकुर पूर्व छात्र नेता रहे हैं और लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं.

संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं

डॉ. संदीप ठाकुर का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू होकर संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचा है. वे इससे पहले दो बार युवा जदयू के प्रदेश सचिव और दो बार प्रदेश महासचिव रह चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने आरा नगर, भोजपुर जिला और रोहतास जिला प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई है. संगठन में उनके इसी अनुभव को देखते हुए उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है.

नई जिम्मेदारी मिलने पर डॉ. ठाकुर ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि वे इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे. उनका प्रयास रहेगा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाए और अधिक से अधिक युवाओं को सकारात्मक एवं जनहितकारी राजनीति से जोड़ा जाए.

समाजवादी विचारधारा और युवा मुद्दों पर रहेगा जोर

डॉ. संदीप ठाकुर महात्मा गांधी, डॉ. राममनोहर लोहिया, राजनारायण, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, किशन पटनायक और जॉर्ज फर्नांडिस की समाजवादी विचारधारा से प्रभावित हैं. सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों, जनभागीदारी और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना उनके राजनीतिक चिंतन के प्रमुख आधार हैं. क्षेत्र में उन्हें 'युवा तुर्क' के नाम से भी जाना जाता है.

उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, उच्च शिक्षा से जुड़ी चुनौतियों और युवाओं के पलायन जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की प्रतिबद्धता जताई है. उनका मानना है कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विकास पहुंचाने का जरिया होनी चाहिए.

बक्सर के नेताओं ने दी बधाई

डॉ. संदीप ठाकुर को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर युवा जदयू के बक्सर जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, प्रदेश के वरिष्ठ नेता धीरज सिंह कुशवाहा, मुकेश पटेल, प्रेम मिश्रा, अधिवक्ता विनोद सिंह, डॉ. राजेश पांडेय, बबलू राय, डॉ. रवि राय, आनंद प्रधान और मोहित कुशवाहा सहित संगठन के कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई और शुभकामनाएं दीं.

नई जिम्मेदारी के साथ डॉ. संदीप ठाकुर के सामने अब प्रदेश स्तर पर संगठन को मजबूत करने और युवाओं की आकांक्षाओं को राजनीतिक मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने की चुनौती होगी.












Post a Comment

0 Comments